

इंदौर टेस्ट में ऑस्ट्रेलिया ने गुरुवार को भारत को 9 विकेट से हरा दिया। भारत ने 76 रन का टारगेट दिया था, जिसे ऑस्ट्रेलिया ने खेल शुरू होने के 76 मिनट में ही हासिल कर लिया है। ट्रेविस हेड ने 49 रन की पारी खेली।
इस जीत से कंगारू टीम ने चार मुकाबलों की सीरीज में 2-1 की वापसी की। सीरीज का आखिरी मुकाबला 9 से 13 मार्च तक अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम पर खेला जाएगा।
मुकाबले के तीसरे दिन शुक्रवार को मेहमान टीम को जीत के लिए 76 रनों का छोटा-सा टारगेट मिला था, हालांकि रविचंद्रन अश्विन ने दिन की दूसरी ही बॉल पर उस्मान ख्वाजा को शून्य पर आउटकर भारतीय फैंस की उम्मीदें जगा दी। भारतीय स्पिनर्स शुरू के 11 ओवर प्रभावी भी रहे, लेकिन 12वें ओवर में बॉल बदलते ही परिस्थितियां बदल गईं। बॉल बदलने से पहले कंगारुओं ने महज 13 रन ही बनाए थे। बॉल बदलने के 7 ओवर बाद ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाजों ने शेष 63 रन बना डाले। मार्नस लाबुशेन ने अश्विन की बॉल पर चौका जमाकर टीम को जिमाया। ट्रेविस हेड 49 और मार्नस लाबुशेन 28 नाबाद रहे।
इससे पहले, भारत ने दूसरी पारी में 163 रन बनाते हुए 75 रनों की बढ़त हासिल की थी। वहीं, ऑस्ट्रेलियाई ने अपनी पहली पारी में 197 रन बनाते हुए पहली पारी में 88 रनों की बढ़त बनाई। भारत पहली पारी में 109 रन पर सिमट गया था।
दूसरी पारी में ऐसे गिरा ऑस्ट्रेलिया का पहला विकेट

अश्विन ने ख्वाजा को दूसरी ही बॉल पर चलता किया। उन्हें विकेटकीपर भरत ने कैच किया।
अब दिन के हिसाब से देखिए मैच का रोमांच
दूसरे दिन 163 रन पर सिमटी भारत की दूसरी पारी, 16 विकेट गिरे
दूसरे दिन भारत की दूसरी पारी 163 रनों पर समाप्त हो गई। चेतेश्वर पुजारा ने सबसे ज्यादा 59 रन बनाए, वहीं श्रेयस अय्यर 26, रविचंद्रन अश्विन 16, विराट कोहली 13 और रोहित शर्मा 12 रन ही बना सके। ऑस्ट्रेलिया से नाथन लायन ने सबसे ज्यादा 8 विकेट लिए।
ऑस्ट्रेलिया ने 156/4 के स्कोर से आगे खेलना शुरू किया। 186 तक टीम के 4 ही विकेट थे, लेकिन 197 तक पूरी टीम ऑलआउट हो गई। भारत ने 2 सेशन बैटिंग की और 163 रन के स्कोर पर सभी 10 विकेट गंवा दिए।
पहली पारी में भारत 109 रन पर ऑलआउट हुआ था। इस तरह ऑस्ट्रेलिया को पहली पारी में 88 रन की बढ़त मिली। अब भारत के 163 रन के स्कोर के बाद ऑस्ट्रेलिया को 76 रन का टारगेट मिला है।

अब देखिए दूसरे दिन का खेल…
दूसरी पारी में ऐसे गिरे भारत के विकेट
अब सेशन के अनुसार देखिए दूसरे दिन का खेल
पहला : भारतीय गेंदबाजों का जलवा, ऑस्ट्रेलिया 197 पर सिमटी
दूसरे दिन का पहला सेशन भारतीय गेंदबाजों के नाम रहा है। ऑस्ट्रेलियाई टीम ने 41 रन बनाने में छह विकेट गंवा दिए। उमेश यादव और रविचंद्रन अश्विन ने तीन-तीन विकेट लिए। पीटर हैंड्सकॉम्ब 19 और कैमरून ग्रीन 21 रन के अलावा, निचले क्रम का कोई भी बल्लेबाज दहाई का आंकड़ा पार नहीं कर सका।

उमेश यादव ने मिचेल स्टार्क को कुछ इस प्रकार बोल्ड किया।
दूसरा : पुजारा की टिकाऊ पारी, ऑस्ट्रेलियाई गेंदबाज हावी
दूसरे सेशन में ऑस्ट्रेलियाई गेंदबाज हावी रहे। हालांकि पुजारा ने टिकाऊ पारी खेलकर टीम को बिखरने से रोका। इस सेशन में टीम इंडिया ने 66 रन पर चार महत्वपूर्ण विकेट गंवा दिए। चाय के समय भारतीय टीम का स्कोर 79/4 रहा। पुजारा 36 रन पर नाबाद रहे। गिल, जडेजा, रोहित और कोहली बड़ा स्कोर करने में नाकाम रहे।

चेतेश्वर पुजारा ने 59 रनों की संघर्षपूर्ण पारी खेली।
तीसरा : नाथन लायन का जलवा, भारत ऑलआउट
दिन के आखिरी सेशन में नाथन लायन का जलवा देखने को मिला। उन्होंने भारत के आखिरी 6 में से 5 विकेट चटकाए। भारतीय बल्लेबाज 84 रन ही जोड़ सके।

लायन ने दूसरी पारी में आठ और पहली पारी में 3 विकेट लिए।
ऑस्ट्रेलिया पहली पारी में 197 पर सिमटी
ऑस्ट्रेलियाई टीम की पहली पारी 197 रनों पर समाप्त हुई। दूसरे दिन टीम की ओर से पीटर हैंड्सकॉम्ब ने 19 और कैमरून ग्रीन ने 21 रन बनाए। निचले क्रम के शेष बल्लेबाज दहाई का आंकड़ा पार नहीं कर सके। उमेश यादव और रविचंद्रन अश्विन ने तीन-तीन विकेट लिए। पहले दिन जडेजा को चार विकेट मिले थे।
पहली पारी में ऐसे गिरे ऑस्ट्रेलिया के विकेट
अब देखिए पहले दिन का खेल
ऑस्ट्रेलिया को 47 रनों की बढ़त
इंदौर टेस्ट का पहला दिन कंगारुओं के नाम रहा। इस दिन भारतीय टीम पहली पारी में 109 रन पर सिमट गई। फिर ऑस्ट्रेलिया ने पहली पारी में चार विकेट पर 156 रन बनाते हुए 47 रनों की बढ़त ली। रवींद्र जडेजा ने चारों विकेट लिए। उनके इंटरनेशनल क्रिकेट में 500 विकेट हो गए हैं। वे 500+ विकेट लेने वाले 7वें भारतीय गेंदबाज बने। पढ़ें पूरी खबर

जडेजा ने चार विकेट लिए। उनके 503 विकेट हो गए हैं। जडेजा से पहले श्रीनाथ, जहीर खान, आर अश्चिन, कपिल देव, हरभजन सिंह और अनिल कुंबले ऐसा कर चुके हैं।
टीम इंडिया पहली पारी में 109 रन पर सिमटी, कुहनेमन को 5 विकेट
टॉस जीतकर पहले बैटिंग करने उतरी टीम इंडिया से विराट कोहली ने सबसे ज्यादा 22 रन बनाए। जबकि केएल राहुल की जगह खेल रहे ओपनर शुभमन गिल ने 21 रन बनाए। विकेटकीपर केएस भरत और उमेश यादव ने 17-17 रन बनाए। वहीं, कप्तान रोहित शर्मा और अक्षर पटेल 12-12 रन ही जोड़ सके। शेष बल्लेबाज कुछ खास नहीं कर सके। ऑस्ट्रेलिया की ओर से मैथ्यू कुहनेमन ने 5 विकेट हासिल किए।



ऐसे गिरे टीम इंडिया के विकेट