

हरियाणा में रेवाड़ी जिले के गांव रोलियावास में बाप-बेटे ने एक किसान को बुरी तरह पीट-पीटकर घायल कर दिया। रामपुरा थाना पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ मारपीट का केस दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
मिली जानकारी के अनुसार, गांव रोलियावास निवासी राजेंद्र प्रसाद अपने खेत में ट्यूबवैल पर मोटर चलाकर वापस लौट रहा था। तभी उसे गांव के ही अंकित व उसके पिता सत्यवीर ने रोक लिया। दोनों ने कहा कि खेत का पानी उसके खेत में आ रहा है, उसे तुरंत रोके।
बुरी तरह पीटना शुरू कर दिया
राजेंद्र ने आरोप लगाया कि पानी उसके खेत से नहीं, बल्कि दूसरे के खेत से आ रहा था। उसने जब जवाब दिया तो पहले दोनों आरोपियों ने गाली-गलौज की और फिर उसे बुरी तरह पीटना शुरू कर दिया। दोनों ने उसे काफी देर तक पीटा।
ग्रामीण ने बीच-बचाव कर छुड़ाया
इस बीच झगड़ा होता देख अन्य ग्रामीण भी मौके पर पहुंच गए, जिन्होंने बीच बचाव करते हुए राजेंद्र को उनसे छुड़ाया। उसके बाद राजेंद्र को ट्रॉमा सेंटर पहुंचाया गया। रामपुरा थाना पुलिस ने घायल राजेंद्र की शिकायत पर आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।