

चंडीगढ़ में मटका चौक पर बाबा लाभ सिंह का धरना खत्म करवाने के लिए रविवार शाम 5 बजे भारतीय किसान यूनियन टिकैत के नेता राकेश टिकैत आएंगे। दूसरा एक साल से नंगे पांव चल रहे राजन बैंस के पैरों में भी वे अपने हाथों से जूते पहनाएंगे।
इसके लिए भारतीय किसान यूनियन टिकैत के चंडीगढ़ शाखा के पदाधिकारियों ने ब्रांडेड जूतों की जोड़ी खरीद ली है। यूनियन के प्रधान कुलदीप कुंडू, सर्वेश यादव, दीप चौधरी मनजीत, सोनिया, शब्द, हरिंद्र और भिंदर ने बताया कि राजन के लिए जूते खरीद लिए गए हैं।
रविवार को मटका चौक पर बाबा लाभ सिंह के धरने पर दोपहर 3 बजे सुखमणि साहिब का पाठ होगा। शाम 5 बजे के बाद भारतीय किसान यूनियन टिकैत के नेता राकेश टिकैत आकर बाबा से धरना खत्म करवाएंगे। किसानों को सहयोग देने वाले सभी लोगों को सम्मानित किया जाएगा। इसके अतिरिक्त सेक्टर 37 और 38 की लाइट पर किसान आंदोलन समर्थक जश्न मनाएंगे।