

18 दिन में शादी से मन भर गया:शादी के बाद पहली बार मायके आई नवविवाहिता ने फंदा लगा लिया; दहेज के लिए पिता के साथ हुई बदसलूकी से आहत थीपति, सास-ससुर और जेठ पर दहेज के लिए तंग करने का भी आरोप
हरियाणा में एक और बेटी दहेज की बलि चढ़ गई। बहादुरगढ़ जिले के सेक्टर 7 की रहने वाली नवविवाहिता ने मायके में ही फंदा लगाकर जान दे दी। मृतका ने सुसाइड नोट भी छोड़ा है, जिसमें उसने अपने पति, सास-ससुर और जेठ पर दहेज के लिए तंग करने और पिता के साथ बदसलूकी करने के आरोप लगाए हैं। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस को दी शिकायत में मृतक प्रियंका (25) के पिता श्रीनिवास ने बताया कि वह मूल रूप से झज्जर जिले के गांव छारा निवासी हैं। पिछले कुछ सालों से बहादुरगढ़ के सेक्टर-7 में रहता है। 15 मार्च को उनकी बेटी प्रियंका की शादी रेवाड़ी निवासी तिपेंद्र से हुई थी। तिपेंद्र एक्साइज इंस्पेक्टर है और बेंगलुरु में तैनात है। शादी के एक सप्ताह बाद ही तिपेंद्र, प्रियंका और माता-पिता के साथ बेंगलुरु चले गए।श्रीनिवासी ने बताया कि दो दिन पहले प्रियंका की ससुराल से फोन आया कि वे उसे लेकर चले जाएं। कारण पूछा तो जवाब नहीं मिला, इसलिए वे तुरंत फ्लाइट से बेंगलुरु पहुुंचे। वहां पर बातचीत हुई और तकरार बढ़ गई थी। प्रियंका के ससुरालवालों ने उनके साथ बदतमीजी भी की। यहीं नहीं उन्होंने उन्हें सिक्योरिटी गार्ड बुलाकर घर से निकलवा दिया था। फिर वे प्रियंका को लेकर बहादुरगढ़ आ गए। आते ही प्रियंका अपने कमरे में चली गई।
सुबह जब वह नीचे नहीं आई तो जाकर देखने पर पता चला कि उसने खुदकुशी कर ली है। उन्होंने तुरंत पुलिस को बुलाया। खबर मिलते ही सेक्टर-6 थाना प्रभारी जयभगवान मौके पर पहुंचे और शव को फंदे से उतरवाया। तलाशी के दौरान कमरे से एक सुसाइड नोट भी मिला। इसके आधार पर पुलिस ने मृतक के ससुरालवालों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया।