

मौसम अपडेट:पहाड़ी हवाओं ने रोकी लू, अब दूसरे सप्ताह में दस्तक संभवप्रदेश में रात का तापमान आठ डिग्री तक कम हुआ
पहाड़ों से आ रहीं उत्तरी हवाओं ने फिलहाल राजस्थान से आने वाली लू का रास्ता रोक दिया है। अभी तीन दिन लू के आसार नहीं हैं। अप्रैल के दूसरे सप्ताह में प्रदेश में गर्मी का प्रकोप बढ़ने लगेगा। इसी दौरान लू चलने के आसार बन सकते हैं।
फिलहाल पहाड़ों में हो रही बर्फबारी के कारण सूबे के लोगों को गर्मी से राहत मिली हुई है। रात का तापमान सामान्य से 8 डिग्री तक कम चल रहा है। वहीं, दिन का पारा अगले तीन दिनों में तीन से पांच डिग्री तक बढ़ने की संभावना है।
छह व सात अप्रैल को पश्चिम विक्षोभ के असर से कैथल, कुरुक्षेत्र, करनाल, यमुनानगर, अम्बाला, पंचकूला व पानीपत में हल्की बूंदाबांदी हो सकती है।
ये है वजह: मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार फिलहाल सुबह-शाम ठंडे हैं, पिछले कई दिनों से पहाड़ी इलाकों में बर्फबारी हो रही है। हवाएं उत्तर की ओर से आ रही हैं, बड़ा कारण यह भी है कि पहाड़ों में लगातार हलकी बर्फबारी रेगुलर चल रही हैं। हवा की गति भी तेज है, इससे रात्रि में ठंडक बढ़ जाती है। यही नहीं एंटी साइक्लोन बनने की वजह से हवा भी मिक्सअप नहीं हो पा रही। ऐसे में फिलहाल लू का साया हरियाणा पर नहीं पड़ा है।