

सालभर बाद हुई ग्रीवांस कमेटी की बैठक:डिप्टी सीएम ने कहा- केएमपी के दोनों ओर 5 शहर बसाने को पंचग्राम योजना के तहत बनेगी अलग स्वतंत्र अथॉरिटीकोरोना काल के चलते एक साल बाद ग्रीवांस कमेटी की बैठक मंगलवार को हुई। इसकी अध्यक्षता डिप्टी सीएम दुष्यंत चौटाला ने की। बैठक में कुल 16 मामले रखे गए। इनमें 8 शिकायतों का निस्तारण कर दिया गया। बैठक के बाद पत्रकारों से बात करते हुए चौटाला ने कहा कि इस बार के बजट में ग्लोबल सिटी प्रोजेक्ट को मंजूरी देकर उस पर तेजी से काम किया जाएगा।
इसके अलावा कुंडली-मानेसर-पलवल (केएमपी) के दोनों ओर पांच शहर बसाने के लिए पंचग्राम योजना पर तेजी से काम चल रहा है। दो प्रारंभिक रिपोर्ट भी आ गई हैं। अब इसके लिए एक स्वतंत्र अथॉरिटी बनाई जाएगी। अगले वित्त वर्ष में इस प्रोजेक्ट पर फैसला लिया जाएगा। इस प्रोजेक्ट के तहत सरकार गुड़गांव और दिल्ली के टक्कर के पांच शहर बसाएगी। इससे प्रदेश में रोजगार के अवसर भी पैदा होंगे।
हरियाणा सरकार की यह है पंचग्राम योजना: कुंडली-मानेसर-पलवल एक्सप्रेस-वे पर 136 किलोमीटर एरिया में पांच बड़े नए शहर बसाए जाएंगे। इन शहरों में विश्वस्तरीय सुविधाएं होंगी। अंतरराष्ट्रीय स्तर के इनवेस्टर व कंसलटेंट यहां आएंगे। डिप्टी सीएम के अनुसार हरियाणा अगले 20 साल में ‘शहरों का राज्य’ बन जाएगा और यहां हर दूसरा आदमी शहरी होगा।
शहरों पर बढ़ते दबाव से निपटने के लिए सरकार ने पांच नए गुड़गांव जैसे शहर बसाने के मास्टर प्लान को मंजूरी दे दी है। केएमपी के दोनों तरफ 50 हजार हेक्टेयर क्षेत्र में विकसित होने वाले ये शहर दुनिया के किसी भी विकसित शहर को टक्कर देंगे।
सरकार गुड़गांव और दिल्ली के टक्कर के पांच शहर बसाएगी
आठ जिलों की जमीन पर बसेंगे पांच शहर| केएमपी के दोनों ओर दो किलोमीटर के दायरे में बसने वाले पांच शहर प्रदेश के आठ जिलों की जमीन पर बसेंगे। इनमें फरीदाबाद, पलवल, गुड़गांव, मेवात, सोनीपत, रोहतक, झज्जर की जमीन का इस्तेमाल होगा।
जानकारों का कहना है कि केएमपी से पांच नेशनल हाइवे भी जुड़ सकेंगे। इनमें अम्बाला-दिल्ली, जयपुर-दिल्ली, आगरा-दिल्ली, रोहतक के अलावा पटौदी से निकलने वाला हाइवे शामिल है। इसका सबसे अधिक लाभ कारोबारियों को होगा। वाहनों से माल की ढुलाई जल्द हो सकेगी। इन शहरों में रेजीडेंशियल समेत इंडस्ट्रियल सेक्टर भी बसाए जाएंगे।
एमएसपी पर खरीदी जाएंगी छह फसलें
दुष्यंत चौटाला ने बताया कि हरियाणा सरकार छह फसलों की खरीद मिनिमम सपोर्ट प्राइज (एमएसपी) पर करेगी। उन्होंने कहा सरसों की खरीद इस महीने से शुरू हो जाएगी। इसके लिए सरकार ने तैयारियां पूरी कर ली हैं। जबकि गेहूं की खरीद एक अप्रैल से होगी।
हुड्डा अपनी पार्टी का विश्वास पहले अपने पक्ष में कर लें
एक सवाल के जवाब में डिप्टी सीएम ने पूर्व सीएम भूपेंदऱ् हुड्डा पर निशाना साधते हुए कहा कि वे अविश्वास प्रस्ताव लाते हैं तो लाएं, हम तैयार हैं, लेकिन पहले अपनी पार्टी का विश्वास अपने पक्ष में कर लें। क्योंकि जिस तरह से कांग्रेस के हालात हैं, मुझे लगता है कि थोड़े दिन बाद हुड्डा हरियाणा सरकार के विरुद्ध अविश्वास प्रस्ताव को छोड़कर कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी के विरुद्ध अविश्वास प्रस्ताव लेकर आएंगे।
किसान नेता किसानी को करेंगे मजबूत
दुष्यंत चौटाला ने कहा कि इस किसान आंदोलन को दिल्ली बार्डर तक लाने वाले 40 किसान नेताओं को एक टीम बनाकर सरकार से चर्चा करनी चाहिए। केंद्र सरकार बात करने को तैयार है। उन्होंने कहा कोई भी कानून परफेक्ट नहीं होता। उसमें संशोधन की संभावनाएं रहती हैं। किसान नेताओं को सरकार से चर्चा कर पूरे आंदोलन पर विराम लगाना चाहिए। अपनी राजनीति अपने मुद्दों को आगे ले जाने के बजाय किसानी को मजबूत करें कमजोर नहीं।