

कोरोना देश में:लोगों के लिए राष्ट्रपति भवन 6 फरवरी से खुलेगा; राजस्थान में कक्षा 9 से 12 तक की रेगुलर क्लासेस शुरू होंगीकोरोना की वजह से आम लोगों के लिए बंद राष्ट्रपति भवन फिर से खोला जाएगा। पब्लिक के लिए यह 6 फरवरी से सरकारी छुटि्टयों को छोड़कर शनिवार और रविवार को खुलेगा। विजिटर्स ऑनलाइन बुकिंग करा सकते हैं। सोशल डिस्टेंसिंग के लिए अभी सिर्फ 3 टाइम स्लॉट फिक्स किए गए हैं, हर स्लॉट में सिर्फ 25 विजिटर्स को मंजूरी दी जाएगी। कोरोना और लॉकडाउन की वजह से पिछले 13 मार्च से यह लोगों के लिए बंद कर दिया गया था।
वहीं, राजस्थान सरकार ने सभी सरकारी और प्राइवेट स्कूलों में कक्षा 9 से 12 तक की रेगुलर क्लासेस शुरू करने की इजाजत दे दी है। इससे पहले कक्षा 6 से 8 तक के स्कूलों को 8 फरवरी से खोले जाने का ऐलान किया गया था। कक्षा एक से 5 तक के स्कूल फिलहाल बंद रहेंगे। वहीं, राज्य में सिनेमा हॉल में अभी 50% दर्शकों को ही आने ही इजाजत दी गई है। हालांकि केंद्र सरकार ने एक फरवरी से सिनेमा घरों में फुल कैपेसिटी को मंजूरी दे दी है।मानसिक समस्याओं के लिए केंद्र ने हेल्पलाइन नंबर
दूसरी ओर, कोरोना से ठीक होने के बाद बड़ी संख्या में लोग मानसिक समस्याओं का सामना कर रहे हैं। नींद न आना, नींद के पैटर्न में बदलाव, स्वास्थ्य समस्याओं का बढ़ना, चिड़चिड़ापन, नशे का सेवन बढ़ना जैसी समस्या आ रही है, तो आप केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के विशेषज्ञों से संपर्क कर सकते हैं। केंद्र सरकार ने इसके लिए हेल्पलाइन नंबर जारी किया है। अगर आपको या आपके आस-पास किसी को भी ऐसी समस्या आ रही है तो आप 080-46110007 पर कॉल कर सकते हैं।
24 घंटे में 11 हजार मरीज मिले
देश में सोमवार को 8,532 नए मरीज मिले। 13,352 लोग रिकवर हुए और 93 की मौत हो गई। अब तक 1 करोड़ 7 लाख 67 हजार से ज्यादा लोग संक्रमण की चपेट में आ चुके हैं। राहत की बात ये है कि इनमें 1 करोड़ 4 लाख 47 हजार से ज्यादा लोग ठीक भी हो चुके हैं। 1 लाख 54 हजार 521 मरीजों की अब तक मौत हो चुकी है। 1 लाख 60 हजार 773 मरीजों का अभी इलाज चल रहा है।कोरोना अपडेट्स
राजस्थान में कक्षा 6 से 8 तक के स्कूल 8 फरवरी से खुलेंगे। इस दौरान कोरोना प्रोटोकॉल का पूरी तरह पालन करना होगा। ग्रैजुएशन के फर्स्ट और सेकंड इयर की क्लासेस भी शुरू होंगी। पोस्टग्रैजुएट स्टूडेंट्स की क्लासेस भी शुरू की जाएंगी। सोशल और अन्य इवेंट्स में अब 200 लोग शामिल हो सकेंगे। मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने रविवार को कोरोना की नई गाइडलाइन में यह जानकारी दी।
जम्मू-कश्मीर सरकार ने भी केंद्रशासित प्रदेश के लिए कोरोना की नई गाइडलाइन जारी कर दी है। इस दौरान स्कूल, कॉलेज, हायर एजुकेशन इंस्टीट्यूशन, टेक्निकल या स्किल इंस्टीट्यूशन को खोलने की इजाजत होगी। वैष्णो देवी दर्शन के लिए जाने वाले लोगों की संख्या को भी रिवाइज कर 25 हजार कर दिया गया है।
हैदराबाद में 55 साल की हेल्थकेयर वर्कर की कोरोना वैक्सीन लगवाने के 11वें दिन शनिवार को मौत हो गई। वैक्सीन लगने के बाद मौत का यह देश में तीसरा मामला है। हालांकि, स्वास्थ्य विभाग का कहना है कि मौत की वजह वैक्सीन नहीं है।