

एक तरफ लोकसभा चुनाव 2024 के लिए विपक्षी पार्टियां एकजुट होने की मुहिम चला रही है। वहीं, तृणमूल कांग्रेस (TMC) ने विपक्षी एकजुटता की इस मुहिम से खुद को अलग कर लिया है। पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने लोकसभा चुनाव अकेले लड़ने का फैसला किया है। उन्होंने गुरुवार को कहा कि हम 2024 का चुनाव अकेले लड़ेंगे। किसी भी राजनीतिक दल के साथ गठबंधन नहीं करेंगे। TMC का गठबंधन जनता के साथ होगा।
ममता का बयान ऐसे समय में आया है जब पिछले बुधवार (1 मार्च) को तमिलनाडु के CM एमके स्टालिन के जन्मदिन पर मंच से विपक्षी एकजुटता का उदाहरण पेश किया गया। मंच से कांग्रेस प्रेसिडेंट मल्लिकार्जुन खड़गे ने सभी विपक्षी पार्टियों से एक साथ आने की अपील की।
ममता बोलीं- जो भाजपा को हराना चाहते हैं वो TMC को वोट करेंगे
मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने कहा- जो लोग भाजपा को हराना चाहते हैं, मेरा विश्वास है कि वे हमारे पक्ष में वोट करेंगे। उन्होंने दावा किया कि लोग उनके साथ हैं और उम्मीद जताई कि 2024 लोकसभा चुनाव में भी ऐसा ही होगा।
दरअसल, बंगाल CM त्रिपुरा विधानसभा चुनाव के नतीजों के संदर्भ में बोल रहीं थी। ममता ने कहा- जो लोग CPI(M) और कांग्रेस को वोट दे रहे हैं, असल में वो भाजपा को ही वोट दे रहे हैं। यह सच्चाई आज ही सामने आ गई है। बता दें कि TMC को त्रिपुरा विधानसभा चुनाव में एक भी सीट नहीं मिली है।
भाजपा ने सागरदिघी विधानसभा सीट के वोट कांग्रेस को ट्रांसफर किए- ममता
ममता बनर्जी ने सागरदिघी में कांग्रेस-लेफ्ट गठबंधन के प्रत्याशी की जीत के बाद बड़ा दावा किया। उन्होंने कहा कि भाजपा ने सागरदिघी विधानसभा चुनाव में अपने वोट कांग्रेस को ट्रांसफर किए। ममता का यह बयान सागरदिघी उपचुनाव में कांग्रेस के बायरन बिस्वास की लगभग 23 हजार वोटों से जीत के बाद आया है।
UPA का हिस्सा नहीं बनना चाहतीं ममता
यह पहली बार नहीं है जब कांग्रेस पर TMC की ओर से तल्ख टिप्पणी हुई हो। एक समय ममता बनर्जी यह तक कह चुकी हैं कि UPA क्या है, अब कोई UPA नहीं है। हमें तो मजबूत विकल्प की जरूरत है। यह बयान ममता ने पिछले साल मुंबई में NCP चीफ शरद पवार से मुलाकात के दौरान कही थी।
राहुल ने मेघालय में कहा था- TMC भाजपा को लाना चाहती है

राहुल गांधी के शिलांग पहुंचने के बाद की ये तस्वीर है। कांग्रेसी नेताओं ने गुलदस्ता भेंट कर राहुल का स्वागत किया।
कांग्रेस और TMC के बीच खटास तब सामने आई थी, जब राहुल गांधी ने शिलांग में भाजपा के साथ-साथ TMC पर भी निशाना साधा। उन्होंने लोगों से कहा कि आप TMC का इतिहास जानते हैं। बंगाल में होने वाली हिंसा को भी जानते हैं। उनकी परंपरा को पूरी दुनिया जानती है। TMC गोवा में गई और चुनाव के दौरान खूब पैसा खर्चा किया, क्योंकि उनका उद्देश्य BJP की मदद करना था। मेघालय में भी TMC का मकसद भाजपा को सत्ता में लाना है।
लोकसभा चुनाव से पहले विपक्षी एकजुटता से जुड़ी भास्कर की ये खबरें भी पढ़ सकते हैं…
चेन्नई में एकजुट हुए विपक्ष के कई नेता, खड़गे-अब्दुल्ला बोले- मिलकर चुनाव लड़ें, PM बाद में तय कर लेंगे

एमके स्टालिन के जन्मदिन पर नेताओं ने विपक्षी एकता का संदेश दिया।
तमिलनाडु में DMK अध्यक्ष एमके स्टालिन के 70वें जन्मदिन पर बुधवार को चेन्नई में हुए समारोह में विपक्ष के नेता एकजुट हुए। समारोह में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा- मैंने यह कभी नहीं कहा कि कौन प्रधानमंत्री बनेगा या कौन नेतृत्व करेगा। यह सवाल है ही नहीं, मैं तो यही चाहता हूं कि हमें साथ मिलकर लड़ना चाहिए।
जम्मू-कश्मीर के पूर्व CM फारूक अब्दुल्ला ने खड़गे की बात का समर्थन करते हुए कहा कि हमें मिलकर चुनाव लड़ना चाहिए। यह बाद में तय कर लेंगे कि प्रधानमंत्री कौन बनेगा।
नीतीश ने विपक्षी एकता पर कांग्रेस को दी सलाह, खुर्शीद बोले- पहले आई लव यू कौन कहेगा
अधिवेशन में जदयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष ललन सिंह, डिप्टी CM तेजस्वी, माले के महासचिव दीपंकर, सीएम नीतीश कुमार और सलमान खुर्शीद।
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने पटना में भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (CPI-ML) के अधिवेशन में विपक्षी एकता पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि अगर कांग्रेस इस बात पर तैयार हो जाए तो 2024 में भाजपा 100 सीटों के अंदर सिमट कर रह जाएगी।नीतीश की सलाह पर कांग्रेस नेता सलमान खुर्शीद ने जवाब दिया। उन्होंने कहा- नीतीश कुमार जी जो आप सोचते हैं, वो कांग्रेस भी सोचती है। बस बात इतनी सी है कि पहले आई लव यू कौन कहेगा।