29 दिसंबर को शुक्र ग्रह अपनी चाल बदल रहा है। शाम करीब 4:15 पर ये ग्रह धनु राशि से निकलकर मकर में प्रवेश कर रहा है। इस राशि में आकर शुक्र ग्रह की शनि देव के साथ युति बनेगी। इन दो ग्रहों की युति 22 जनवरी तक रहेगी। शुक्र और शनि आपस में मित्रता का भाव रखते हैं। इसलिए ज्यादातर लोगों पर इस युति का शुभ प्रभाव बढ़ेगा।
फायदेमंद रहेगी शुक्र-शनि की युति
पुरी के ज्योतिषाचार्य डॉ. गणेश मिश्र बताते हैं कि शुक्र और शनि की युति फायदेमंद रहेगी। इन ग्रहों की स्थिति से देश में कंस्ट्रक्शन के कामों में तेजी आ सकती है। रोड, बिल्डिंग और पब्लिक ट्रांसपोर्ट संबंधी कामों से जुड़ा कंस्ट्रक्शन बढ़ने के योग हैं। इन ग्रहों के प्रभाव से खरीदारी और निवेश बढ़ेगा। जिससे बाजार में आर्थिक मजबूती आने के भी योग बन रहे हैं।
महिलाओं के लिए फायदे वाला समय
महिलाओं के लिए शुक्र-शनि की युति खासतौर से फायदेमंद रहेगी। इससे उन्हें कई तरह के फायदे होंगे। शुक्र विलासिता का स्वामी और शनि जमीन, मशीनरी का कारक ग्रह है। दोनों का मकर राशि में योग होने से बाजार में रौनक बढ़ेगी। जिसका फायदा सभी राशियों को मिलेगा। शुक्र के राशि परिवर्तन से अशुभ फलों में कमी आएगी। इसके अलावा मनोरंजन क्षेत्र में भी कलाकारों और फिल्म बिजनेस को बड़ा फायदा होने के योग हैं।
बिजनेस रफ्तार पकड़ेंगे
डॉ. मिश्र बताते हैं कि शुक्र, भोग विलासिता की चीजों का भी स्वामी है। ज्योतिष मामलों के जानकारी बताते है कि इनके मकर राशि में आ जाने से फर्नीचर, कपड़ा, इलेक्ट्रॉनिक सामान, सजावट का सामान, गहने आदि का व्यापार भी खासी रफ्तार पकड़ेगा।
इसका फायदा बिजनेस करने वालों को होगा। इसके अलावा शनि जमीन, मकान, वाहन आदि के व्यापार में लाभ दिलाएगा। जिससे इससे जुड़े लोगों को अत्यधिक लाभ होने की संभावना भी बन रही है। ज्योतिष यह भी बताते है कि अधिकतर लोगों के लिए ये परिवर्तन शुभ समाचार लाने वाला ही रहेगा। जिससे उनके घर के विवाद, जमीन के विवाद आदि समस्याएं दूर होंगी।