

हरियाणा के रोहतक में मोटरसाइकिल पर सवार होकर अपनी ससुराल जा रहे दो बच्चों के पिता को बीच रास्ते में ट्रैक्टर ने टक्कर मार दी। जिसके कारण उसे गंभीर चोटें आई और उपचार के लिए रोहतक पीजीआई में लाया गया। जहां रास्ते में उसने दम तोड़ दिया। वहीं मामले की शिकायत पुलिस को दी गई है।
रोहतक के गांव सुनारिया खुर्द निवासी महिपाल ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वे तीन भाई है। वह सबसे छोटा है और उसका बड़ा भाई हरीश मंदिर में पूजा-पाठ करता है। उसके भाई हरीश को दो बच्चे, एक बेटा व एक बेटी है। करीब 34 वर्षीय हरीश मोटरसाइकिल पर सवार होकर अपनी ससुराल गांव समर गोपालपुर जाने के लिए मोटरसाइकिल पर निकला था। वह सुबह तक ना तो घर पहुंचा और ना ही उसकी ससुराल पहुंचा।
पीजीआई में पहुंचे तो हो चुकी थी मौत
उन्होंने बताया कि इसके बाद उन्होंने हरीश से संपर्क करना व तलाश करना आरंभ कर दिया। उन्हें सुबह सूचना मिली कि हरीश का रात को जींद रोड पर रेलवे पुल के ऊपर एक्सीडेंट हो गया। जिसके बाद घायल को पीजीआई के ट्रॉमा सेंटर में लाया गया है। इसकी सूचना मिलते ही परिवार वाले भी पीजीआई में पहुंचे लेकिन तब तक हरीश की मौत हो चुकी थी।
ट्रैक्टर की चपेट में आने से मौत
महिपाल ने बताया कि उसने अपने स्तर पर पता किया तो जानकारी मिली कि जब उसका भाई मोटरसाइकिल पर सवार होकर नेहरू कॉलोनी व मोती नगर के पास मेन रोड पर पहुंचा तो पीछे से आ रहे एक ट्रैक्टर ट्राली ने टक्कर मार दी। चालक अपने ट्रैक्टर ट्राली को लापरवाही से चला रहा था। जिसके कारण यह हादसा हुआ। वहीं ट्रैक्टर की टक्कर से हरीश का संतुलन बिगड़ गया और वह सड़क पर गिर गया। जिसमें लगी चोटों के कारण इसकी मौत हो गई। इसकी शिकायत पुलिस को दे दी।