

एक्ट्रेस और फॉर्मर इंडियन क्रिकेटर हरभजन सिंह की पत्नी गीता बसरा 6 साल के ब्रेक के बाद जल्द एक्टिंग में फिल्म नोटरी के जरिए कमबैक करने जा रही हैं। गीता ने हाल ही में दैनिक भास्कर से बातचीत के दौरान और अपने करियर और पर्सनल लाइफ के बारे में खुलकर बात की। उनके साथ बातचीत के प्रमुख अंश-
पिछले 2 साल मेरे लिए बेहद कठिन थे
मैं और हरभजन 27 जुलाई 2016 को पहली बार बेटी हिनाया के पेरेंट्स बने थे। मेरा पहला मिसकैरेज 2019 में हुआ था, जबकि दूसरा मिसकैरेज 2020 में हुआ था। दोनों मिसकैरेज के समय मैं अपनी प्रेग्नेंसी के तीसरे महीने में ही थी। इन दोनों मिसकैरेज के बाद हरभजन ने मुझे संभाला था। उन्होंने मेंटल स्ट्रेंथ देने के साथ-साथ किचन में पहली बार मेरे लिए कुकिंग भी की थी।
उनका प्यार, फैमिली का सपोर्ट था कि दो बार मिसकैरेज के बाद मैं उस सदमें से निकलकर आगे बढ़ पाई। मिसकैरेज के बाद किसी महिला के हार्मोन बहुत ऊपर-नीचे हो जाते हैं, जिससे खुद को मेंटेन करना बेहद कठिन हो जाता है, लेकिन इन सबके बावजूद मैंने खुद को मजबूत बनाए रखा।

बच्चों की वजह से बिना शर्त जीने का मतलब सीखा
मां बनने का एहसास दुनिया की सबसे अच्छी चीज होती है। मेरा पहला बच्चा, बेटी हिनाया ने मुझे बहुत बदल दिया है। हम कहते हैं कि हम बच्चों को पढ़ाते हैं, लेकिन हकीकत ये है कि बच्चे हमें और भी बहुत कुछ सिखाते हैं। मां बनने के बाद, हम एक व्यक्ति के रूप में बदलते हैं, हमारा स्वभाव बदलता है और हमारे धैर्य का स्तर भी बदलता है। सब कुछ उनके अनुसार हो जाता है। मैं वास्तव में अपने बच्चों की वजह से बिना शर्त जीने का मतलब सीख पाई हूं।
हरभजन और मैं पहले दोस्त बने फिर लाइफ पार्टनर
जब मेरी फिल्म द ट्रेन रिलीज हुई। उस वक्त हरभजन ने मेरा पोस्टर देखा था। फिर उन्होंने अपने दोस्तों से मेरे बारे में पता किया। उनके और मेरे कई कॉमन फ्रेंड थे। हरभजन ने उनसे कहा कि इस लड़की से मिलवाओ। हमारी शुरुआत दोस्ती से हुई थी। काफी समय तक हम दोस्त ही रहे और एक-दूसरे से मिलते-जुलते रहे। तब कई बार खबरें आईं कि हम रिलेशनशिप में हैं। ये सुनकर मेरी फिल्म के प्रोड्यूसर बोलते अभी शादी मत करना। हालांकि, हम काफी समय तक दोस्त रहे, फिर दोस्ती प्यार में बदल गई। हरभजन क्रिकेट के ग्राउंड पर गेम्स में जितने एग्रेसिव और डेडिकेटेड हैं, वहीं उसके विपरीत उन्हें बेहद शांति पसंद है। वो घर पर रहना पसंद करते हैं। पार्टी में कम जाते हैं। उन्हें बच्चों और फैमिली के साथ समय बिताना अच्छा लगता है। उन्होंने और हिनाया ने मुझे फिर से एक्टिंग में कमबैक करने के लिए कहा। जिस सपने को लेकर मैं लंदन से इंडिया आई थी। उसे आगे बढ़ाने को कहा।