

डिप्टी सीएम ने पूर्व सीएम हुड्डा पर साधा निशाना:हुड्डा सरकार ही नहीं सोनिया गांधी के खिलाफ भी अविश्वास प्रस्ताव लाने की तैयारी मेंकोरोना काल के चलते एक साल बाद ग्रीवांस कमेटी की बैठक मंगलवार को हुई। इसकी अध्यक्षता डिप्टी सीएम दुष्यंत चौटाला ने की। बैठक के बाद पत्रकारों से बातचीत में चौटाला ने एक सवाल के जवाब में पूर्व सीएम भूपेंद्र हुड्डा पर निशाना साधते हुए कहा कि वे अविश्वास प्रस्ताव लाते हैं तो लाएं, हम तैयार हैं, लेकिन पहले अपनी पार्टी का विश्वास अपने पक्ष में कर लें। क्योंकि जिस तरह से कांग्रेस के हालात हैं, मुझे लगता है कि थोड़े दिन बाद हुड्डा हरियाणा सरकार के विरुद्ध अविश्वास प्रस्ताव को छोड़कर कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी के विरुद्ध अविश्वास प्रस्ताव लेकर आएंगे।
डिप्टी सीएम कहा ने कि इस बार के बजट में ग्लोबल सिटी प्रोजेक्ट को मंजूरी देकर उस पर तेजी से काम किया जाएगा। इसके अलावा कुंडली-मानेसर-पलवल (केएमपी) के दोनों ओर पांच शहर बसाने के लिए पंचग्राम योजना पर तेजी से काम चल रहा है। दो प्रारंभिक रिपोर्ट भी आ गई है।
अब इसके लिए एक स्वतंत्र अथॉरिटी बनाई जाएगी। इधर, टॉय फेयर-2021 के समापन अवसर पर डिप्टी सीएम ने कहा कि राज्य सरकार सुक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्योग विभाग के माध्यम से प्रदेश में खिलौना-उद्योग’ को बढ़ावा देगी ताकि गांव से लेकर शहरों तक रहने वाले हर छोटे से छोटे खिलौना-निर्माता व कारीगर को लाभ मिल सके।