

पुलिस बल की तैनाती:दुष्यंत चौटाला का विरोध करने निकले कांग्रेसी विधायक और पूर्व पार्षद पांच घंटे रहे नजरबंदसुबह 11 से शाम चार बजे तक रहे घर में कैद
सीआईए, 4 एसएचओ समेत भारी पुलिस बल किया गया था तैनात
डिप्टी सीएम दुष्यंत चौटाला को काला झंडा दिखाने निकले एनआईटी क्षेत्र के विधायक नीरज शर्मा और पूर्व पार्षद जगन डागर समेत कई कांग्रेसी कार्यकर्ताओं को पुलिस ने सेक्टर 7 में पूर्व पार्षद के आवास पर नजरबंद कर दिया। यहां सीआईए टीम समेत चार-चार थाना प्रभारी एवं भारी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया था।
सुबह 11 से शाम चार बजे तक दोनों नेता पुलिस की निगरानी में घर में ही कैद रहे। दरअसल मंगलवार को डिप्टी सीएम दुष्यंत चौटाला यहां सेक्टर-12 के हुडा कंवेंशन सेंटर में ग्रीवांस कमेटी की बैठक में शामिल होने आए थे। उनका विरोध करने के लिए एनआईटी से कांग्रेसी विधायक नीरज शर्मा अपने समर्थकों के साथ सेक्टर सात निवासी नगर निगम के पूर्व पार्षद और कांग्रेसी नेता जगन डागर के आवास पर पहुंच गए।
कांग्रेसियों ने डिप्टी सीएम को काला झंडा दिखाने की योजना बनाई थी। इसकी भनक जैसे की खुफिया एजेंसी को लगी, पुलिसकर्मी हरकत में आ गए। सुबह 11 बजे अचानक पुलिस की कई गाड़ियां सायरन बजाते हुए सेक्टर 7 पूर्व पार्षद के आवास पर पहुंचकर घर को चारों ओर से घेर लिया। अंदर बैठे कांग्रेसी विधायक व पूर्व निगम पार्षद डागर को बाहर नहीं आने दिया।
डिप्टी सीएम के शहर से जाने के बाद शाम चार बजे नजरबंद किए गए कांग्रेस नेताओं को छोड़ा गया। विधायक ने कहाकि डिप्टी सीएम ग्रीवांस कमेटी के चेयरमैन हैं। कोरोना काल में वह जिले में झांकने तक नहीं आए। किसान आंदोलन पर वह कुछ बोलने को तैयार नहीं हैं। इसलिए कांग्रेसियों ने उनके विरोध का फैसला किया था। अब हम विधानसभा सत्र में अपना विरोध दर्ज कराएंगे।