

तमिलनाडु से रिपोर्ट:भाजपा यहां सहयोगी पार्टी; लेकिन रैली में भीड़ भाजपा शासित राज्यों जैसी, अमित शाह भाषण की शुरुआत तमिल न बोल पाने की माफी के साथ करते हैंपार्टी की रैलियों में भीड़ जुटाने के लिए RSS कार्यकर्ता अपनी पूरी ताकत लगा रहे हैं
फिलहाल भाजपा का मकसद राज्य में चर्चा में बने रहना और पार्टी की ताकत दिखाना है
चेन्नई से लगभग 170 किलोमीटर निकलते ही विल्लुपुरम जिला आ जाता है। रेगिस्तान जैसी नजर आ रही कावेरी नदी को पार करते ही माहौल खासा चुनावी नजर आने लगता है। झंडे लगी गाड़ियों के काफिले तेजी से गुजर रहे हैं। विल्लुपुरम से थोड़ा पहले कार्यकर्ता गाड़ियों की गिनती कर रहे हैं। पूछने पर बताते हैं कि अब तक इस तरफ से 1100 गाड़ियां जा चुकी हैं। इन्हीं गाड़ियों का पीछा करते हम सभास्थल तक पहुंचते हैं।
तीन-चार किलोमीटर चल चुकने के बाद भी गाड़ियों की कतार खत्म होती नजर नहीं आती। यह सभा तमिलनाडु के प्रमुख दल AIADMK या DMK की नहीं है। पुडुचेरी से सटे विल्लुपुरम में इस सभा को केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह संबोधित करने वाले हैं।
हमने एक कार्यकर्ता से पूछा कि कहां जा रहे हो? जवाब आया- ‘भारतीय जनता कट्च्ची।’ तमिल भाषा में भारतीय जनता पार्टी का पार्टी शब्द बदलकर ‘कट्च्ची’ हो जाता है। जो तेजी से उच्चारण करने पर किसी उत्तर भारतीय को ‘भारतीय जनता कच्ची’ जैसा सुनाई देता है, लेकिन सभा का माहौल देखकर लगता है कि यहां अपना प्रसार करने के लिए भाजपा बहुत पक्के इरादे के साथ उतरी है।
भाजपा का तमिलनाडु में बड़ा जनाधार नहीं है, फिर भी इतनी भीड़? इस सवाल पर वहां मौजूद कार्यकर्ता कहते हैं कि इसमें AIADMK के भी समर्थक हैं। हालांकि, सभास्थल के आसपास के स्थानीय लोगों का इसको लेकर दूसरा नजरिया भी है। स्थानीय लोग कहते हैं, ‘किसी भी पार्टी की रैलियां, तमिलनाडु में चुनावी मौसम में रोजगार का बड़ा जरिया होती हैं। ग्रामीण क्षेत्रों में फिलहाल 500 रुपए और शहरी इलाकों में 800 रुपए मिलने पर लोग किसी भी पार्टी की रैली में चलने को तैयार हो जाते हैं। रैली में आने के लिए पुरुषों के लिए सफेद धोती-शर्ट और महिलाओं को साड़ी भी मिलती है, जो अतिरिक्त आकर्षण है। इसलिए चुनावी रैलियों में यहां आपको भीड़ खूब दिखेगी।’
‘तमिल गौरव गान’ में जुटी भाजपातमिल मतदाता अपनी संस्कृति, भाषा को लेकर बहुत भावुक हैं। अमित शाह विल्लुपुरम में अपने भाषण की शुरुआत ही इस बात के लिए माफी मांगकर करते हैं कि वह लोगों से महान प्राचीन तमिल भाषा में बात नहीं कर पा रहे हैं।
हिंदी भाषी राज्यों की पार्टी कही जाने वाली भाजपा अब राज्य में तमिल गौरव गान को प्रमुख रणनीति बना रही है। मन की बात में प्रधानमंत्री मोदी ने तमिल भाषा संस्कृति की खूब तारीफ की थी। विल्लुपुरम के अपने भाषण में अमित शाह भी कहते हैं कि तमिलनाडु में पढ़ाई मातृभाषा में ही होगी। अमित शाह इस मसले को लेकर इसलिए भी ज्यादा सतर्क नजर आते हैं, क्योंकि हाल में राहुल गांधी कई बार कह चुके हैं कि भाजपा तमिलों का सम्मान नहीं करती है।
भाजपा हर हाल में चर्चा में बने रहना चाहती है
तमिलनाडु में भाजपा का सत्तारूढ़ AIADMK के साथ गठबंधन है। पार्टी की राज्य में अभी मौजूदगी खास नजर नहीं आती, लेकिन यहां पार्टी चर्चा में रहना चाहती है। तमिलनाडु की राजनीति का ही हिस्सा, पुडुचेरी में भाजपा ने कांग्रेस की सरकार गिरा कर खुद के मजबूत होने का संकेत दिया है। चर्चा में आने की रणनीति सफल भी हुई है। तमिलनाडु में प्रभाव बढ़ाने के लिए पुडुचेरी के घटनाक्रम का सहारा लिया जा रहा है। पार्टी ने राज्य में अपनी संकल्प यात्रा की शुरुआत भी यहां से सटे जानकीपुरम से की।
2G, 3G, 4G जरिए परिवारवाद पर प्रहार
अमित शाह 2G, 3G, 4G के फार्मूले का जिक्र कर प्रमुख विपक्षी दल DMK और कांग्रेस पर निशाना साधते हैं। 2G से अमित शाह का मतलब मारन परिवार की 2 पीढ़ियों के परिवारवाद से होता। 3G को उन्होंने करुणानिधि, उनके बेटे स्टालिन और फिर उनके बेटे उदयनिधि से जोड़ा। इसी क्रम में 4G कांग्रेस की चौथी पीढ़ी यानी राहुल गांधी पर हमले से जुड़ जाता है। इस फार्मूले को अमित शाह सभा में दो बार समझाते हैं। तमिलनाडु से भाजपा के जुड़ाव को बताने के लिए वे यह भी बताते हैं कि मोदी कैबिनेट में सबसे काबिल लोग यानी वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण और विदेश मंत्री एस जयशंकर तमिलनाडु से ही हैं।