

आमदनी बढ़ाने के लिए ग्राउंड तैयार:डीजल-पेट्रोल पर सेस से किसानों के लिए, प्रदेश से रोज 7 करोड़ रुपए का संग्रह होगाकेंद्रीय बजट में पेट्रोल-डीजल पर लगाए गए क्रमश: 2.5 रुपए और 4 रुपए प्रति लीटर सेस से किसानों की आमदनी बढ़ाने के लिए ग्राउंड तैयार किया गया है। हरियाणा में प्रतिदिन डेढ़ करोड़ लीटर डीजल और 50 लाख लीटर पेट्रोल की बिक्री होती है। ऐसे में प्रदेश से किसानों के लिए प्रतिदिन करीब 7.25 करोड़ रुपए की राशि एकत्रित होगी। यह राशि किसानों से जुड़ी योजनाओं पर खर्च होगी।
फिलहाल प्रदेश की सभी बड़ी अनाज मंडियों में ई-मंडी योजना शुरू हो चुकी है। छोटी मंडियों तक इसे पहुंचाया जाएगा। इससे देश के किसी भी कोने में बैठा व्यापारी फसल खरीद सकेगा। प्रदेश की 81 मंडियों में 14 अप्रैल 2016 से 31 जनवरी 2021 तक एपीएमसी योजना द्वारा 1646.36 लाख क्विंटल उत्पादों की बिक्री हुई है। इससे 44510.09 करोड़ का लेनदेन हुआ है।
कॉटन पर 10% आयात शुल्क; चादर, पर्दे होंगे महंगे
पानीपत | बजट में पहली बार कॉटन और इसके वेस्ट के आयात पर 10% टैक्स लगा है। जरूरत का महज 10% कॉटन ही बांग्लादेश से आयात करने के चलते टैक्सटाइल इंडस्ट्री पर इसका असर होगा। पानीपत इंडस्ट्रियल एसोसिएशन के प्रधान और स्पिनिंग मिल उद्यमी प्रीतम सिंह सचदेवा कहते हैं कि पहले जो कॉटन वेस्ट 35-40 रु. प्रति किलो मिलता था, उसका भाव अब 4-5 रु. प्रति किलो बढ़ेगा।
जिससे कॉटन की चादर, बाथमेट की प्रोडक्शन कीमत बढ़ेगी व एक्सपोर्ट प्रभावित होगा। वहीं, बजट में पॉलिस्टर यार्न पर आयात शुल्क 7.5% से घटाकर 5% किया है, लेकिन इसका ज्यादा असर नहीं होगा। वहीं केंद्र द्वारा घोषित 7 मेगा टैक्साइटल पार्क में से कम से कम एक पार्क प्रदेश को मिलने की उम्मीद है।