फुटबॉल क्लब की कमाई:मेसी की टीम बार्सिलोना ने मौजूदा सीजन में कमाए 6344 करोड़ रुपए
February 1, 2021
डीजल-पेट्रोल पर सेस से किसानों के लिए, प्रदेश से रोज 7 करोड़ रुपए का संग्रह होगा
February 2, 2021

गाजीपुर में 12 लेयर बैरिकेडिंग: 6 फरवरी को देश के सभी नेशनल और स्टेट हाईवे जाम करेंगे किसान

कुंडली 4, टिकरी 7, गाजीपुर में 12 लेयर बैरिकेडिंग:6 फरवरी को देश के सभी नेशनल और स्टेट हाईवे जाम करेंगे किसाननए कृषि कानूनों को लेकर आंदोलन कर रहे किसानों ने 6 फरवरी को दोपहर 12:00 से 3:00 बजे तक देशभर के नेशनल व स्टेट हाईवे जाम करने का ऐलान किया है। दूसरी ओर, दिल्ली की सीमाओं पर देशभर से किसानों के जत्थों का पहुंचना जारी है।

गणतंत्र दिवस पर हुई हिंसा के बाद दिल्ली पुलिस भी राजधानी की किलेबंदी में जुट गई है। किसान दिल्ली में न घुस पाएंं, इसलिए कुंडली बॉर्डर पर 4, टिकरी पर 7 और गाजीपुर बॉर्डर पर 12 लेयर की बैरिकेडिंग की गई है।

किसान एकता मोर्चा समेत 250 ट्विटर अकाउंट सस्पेंड किए गए हैं। इन पर फर्जी और भड़काने वाले ट्वीट् व हैशटैग चलाने का आरोप है। हालांकि, बाद में किसान एकता मोर्चा का अकाउंट चालू कर दिया गया। गृह मंत्रालय ने तीनों सीमाओं पर इंटरनेट बैन मंगलवार रात तक बढ़ा दिया। हरियाणा के 7 जिलों में भी इंटरनेट पर रोक एक दिन के लिए बढ़ा दी है।

संयुक्त किसान मोर्चा के सदस्यों ने कहा, ‘नेट बंद कर और ट्विटर अकाउंट सस्पेंड कर बोलने की आजादी छीनी जा रही है। यह वार्ता का माहौल नहीं है। सरकार ने कृषि बजट कम कर अपनी मंशा दिखा दी है।’ वहीं, किसान नेता राकेश टिकैत ने कहा, ‘कृषि क्षेत्र के लिए एक अलग बजट होना चाहिए।’

इंटरनेट सेवा 7 और जिलों में बहाल, 7 में अब भी बैन

कैथल, पानीपत, जींद, रोहतक, चरखी दादरी, सोनीपत, झज्जर में वॉइस कॉल को छोड़ इंटरनेट, एसएमएस, डोंगल सेवाओं पर रोक 2 फरवरी शाम 5 बजे तक बढ़ा दी गई है। शुरू में 17 जिलों में रोक लगाई गई थी। उनमें से 3 में रविवार व 7 जिलों में सोमवार को सेवाएं शुरू की गई हैं।

इंटरनेट बंद करने के विरोध में कंडेला के लोगों ने जींद-चंडीगढ़ हाईवे पर जाम लगाया। उधर, यूपी के बिजनौर में सोमवार को भाकियू की महापंचायत हुई। इसमें यूनियन अध्यक्ष नरेश टिकैत की जगह उनके बेटे गौरव आए।

किसान बोले- यूपी में नंबरों की पहचान कर 220 ट्रैक्टर मालिकों को नोटिस भेजे

किसान मोर्चा ने कहा- यूपी पुलिस ने नंबरों से पहचान कर 220 ट्रैक्टर मालिकों को नोटिस भेजे हैं।
128 प्रदर्शनकारी पुलिस गिरफ्त में हैं। कई लोग अब भी लापता हैं, उनकी लिस्ट तैयार की जा रही है।
दिल्ली हिंसा मामले में हुई गिरफ्तारियों को चुनौती देते हुए एडवोकेट आशिमा मंडला और मंदाकिनी सिंह ने दिल्ली हाईकोर्ट में याचिका दायर की है।
दूसरी ओर, प्रदर्शन के चलते सोमवार को ग्रीन लाइन के चार मेट्रो स्टेशनों को बंद कर दिया गया।
पंजाब मेल का रूट चेंज, आरोप- यह किसानों को रोकने के लिए किया गया

रेलवे ने सोमवार को पंजाब मेल एक्सप्रेस ट्रेन का रूट बदल दिया। एक अन्य ट्रेन बीच रास्ते रोक दी गई। फिरोजपुर से रोहतक-दिल्ली होते हुए मुंबई जाने वाली पंजाब मेल रोहतक से रेवाड़ी होते हुए गई। किसान नेताओं ने कहा कि यह पंजाब से आने वाले किसानों को आंदोलन में आने से रोकने के लिए किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *