मौसम बदलेगा करवट:पश्चिमी विक्षोभ के असर से 3 से 5 फरवरी के बीच बदलेगा मौसम,
February 2, 2021
दिल्ली में प्रवेश रोकने की नई रणनीति:बहादुरगढ़ के चारों मेट्रो स्टेशन बंद
February 2, 2021

कुंडली बाॅर्डर:सोनीपत, रोहतक, जींद की खापें ट्रैक्टर लेकर पहुंचीं, पत्थरबाजों पर गुस्सा,

कुंडली बाॅर्डर:सोनीपत, रोहतक, जींद की खापें ट्रैक्टर लेकर पहुंचीं, पत्थरबाजों पर गुस्सा, ट्रैक्टर मार्च कर खुद संभाली सुरक्षा की कमानकुंडली बॉर्डर पर चल रहे किसान आंदोलन पर हाल ही में कुछ लोगों द्वारा पत्थरबाजी करने पर अब खापों में भी गुस्सा है। वजह यह भी है कि हरियाणा की खापें खुलकर आंदोलन में कूद गईं हैं। जींद जिले से बिनैण खाप, देशवाल खाप, सोनीपत जिले से दहिया खाप, आंतिल खाप, सरोहा खाप, रोहतक से दलाल खाप 84 सहित अन्य खापें अपने क्षेत्रों के गांव से करीब 1200 ट्रैक्टर के साथ पहुंची हैं।

सरोहा खाप ने तो करीब 400 ट्रैक्टर के साथ सोनीपत शहर में ट्रैक्टरों से तिरंगा मार्च निकाला। दलाल खाप के ट्रैक्टर गांवों से मार्च निकालते हुए पहुंचे। सुबह 10 बजे सोनीपत अनाज मंडी में सरोहा खाप के ट्रैक्टर इकट्‌ठा होने से शुरू हो गए थे। ट्रैफिक बाधित न हो, इसके लिए एक लेन में चले।

सराेहा खाप प्रधान रणधीर सिंह सरोहा, प्रवक्ता अशोक सरोहा ने आंदोलन के मंच से कहा कि शांतिपूर्वक आंदोलन कर रहे किसानों पर साजिशन पत्थरबाजी सहन नहीं होगी। खापें अब यहां सुरक्षा की जिम्मेदारी संभालेंगी, जो राशन-पानी से लेकर जनभागीदारी व वॉलंटियर तक की कमान संभालेंगी।

गांवों से महिलाएं नारेबाजी करती पहुंच रहीं

आंदोलन में महिलाओं की भागीदारी बढ़ रही है। ट्रैक्टर-ट्राॅलियों में महिलाएं नारे लगाती और कृषि कानून विरोधी गीत गाते पहुंच रही हैं। सिसाना से पहुंची महिलाओं ने बताया कि हर दिन महिलाओं को लेकर ट्रैक्टर पहुंच रहे हैं। अलग-अलग दिन में अलग-अलग महिलाएं आ-जा रही हैं।

दलाल खाप 84 ने गांवों से निकाला मार्च

दलाल खाप 84 के गांवों से 300 के करीब ट्रैक्टर के साथ किसान कुंडली बॉर्डर में दोपहर ढाई बजे आंदोलन में पहुंचे। खाप प्रधान भूपसिंह, उपप्रधान दयाराम के नेतृत्व में किसान गांवों में मार्च निकालते हुए चले। किसानों ने कहा कि सुबह मांडोठी व अन्य गांवों से इकट्‌ठा होकर चले थे। काफी ट्रैक्टर केएमपी से होकर गाजीपुर भी गए हैं।

लेकिन गांवों के बीच से मार्च निकाला जा रहा है ताकि अधिक-से अधिक लोगों की भागीदारी आंदोलन में बढ़े। खाप प्रधान का कहना है कि राशन-पानी की व्यवस्था के साथ कई ट्रैक्टर ठहरेंगे और जरूरत अनुसार पर लगातार पहुंचेंगे। आंतिल चौबीसी ने बाकायदा टैंट लगाकर लंगर सेवा भी शुरू की है।

बढ़ रह आंदोलन का दायरा, लगाने पड़े टेंट

आंदोलन में खापों और गांव-गांव से किसानों की भागीदारी से कुंडली बॉर्डर पर अब आंदोलन का दायरा बढ़ने लगा है। करीब 12 किलोमीटर के दायरे में आंदोलन के ट्रैक्टर खड़े हैं और लंगर सेवा चल रही है। बीच-बीच में लगातार नए टेंट व पांडाल रात्रि विश्राम व लंगर सेवा के लिए लग रहे हैं। नजदीकी गांवों के किसान ड्रमों में लस्सी, गैस सिलेंडर, लकड़ी व अन्य सामग्री ला रहे हैं। निहंग सिखों के घोड़ों के लिए चारे की व्यवस्था की जा रही है।

हिंसा के बाद गायब लोगों की ले रहे जानकारी

मंच से लगातार आह्वान हो रहा है कि दिल्ली में ट्रैक्टर परेड के दौरान हुई हिंसा के बाद से कई किसान लापता हैं। कई की गिरफ्तारी हुई है। संयुक्त किसान मोर्चा नेता बलदेव सिंह सिरसा ने कहा कि आंदोलन के दौरान किसी पर मामले दर्ज हैं या परिवार से सदस्य लापता हैं तो जानकारी दें। किसान मोर्चा उनके केस लड़ेगा। इसके लिए संगठन के ऑफिशियल सोशल मीडिया पेज पर या मंच पर जानकारी दे सकते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *