

वायुसेवा दिवस:बालाकोट में हरियाणा की बेटी ने दिखाया था दम, 88वें एयरफोर्स दिवस पर युद्ध सेवा मेडल से किया गया सम्मानित देश के सैन्य इतिहास में पहली बार हरियाणा के अम्बाला की बेटी स्क्वाड्रन लीडर मिंटी अग्रवाल को युद्ध सेवा मेडल से सम्मानित किया गया है। गुरुवार काे एयरफोर्स के 88वें स्थापना दिवस पर हिंडन एयरफोर्स स्टेशन में आयोजित समारोह में एयरफोर्स के चुनिंदा अधिकारियों को सम्मानित किया गया। इनमें मिंटी अग्रवाल भी शामिल थीं। समारोह में उनके पति बैंक अधिकारी राहुल गुप्ता व भाई अरविंद अग्रवाल मौजूद रहे। एयर चीफ मार्शल ने मिंटी अग्रवाल के सीने पर युद्ध सेवा मेडल लगाया तो परिवार का सर गर्व से ऊंचा हो गया। उनके पिता व अन्य परिजनाें ने पूरा समारोह टीवी पर देखा। बता दें कि पिछले साल फरवरी में पाकिस्तान के बालाकोट एयर स्ट्राइक से अगले दिन पाकिस्तान एयरफोर्स के एफ-16 व अन्य विमानों ने देश के सैन्य ठिकानों को निशाना बनाया था। उस समय स्क्वाड्रन लीडर मिंटी अग्रवाल बतौर राडार पर एयर कंट्रोलर ऑफिसर थीं। उन्होंने देश की सीमा में घुसे पाकिस्तानी विमानों की सही सूचनाएं दी थीं। इसी बीच विंग कमांडर अभिनंदन वर्धमान ने पाकिस्तान के एफ-16 विमान को मिसाइल से हिट कर दिया था।