

जब कंगना को पहला नेशनल अवॉर्ड मिला:कंगना रनोट का दावा- सेरेमनी के लिए कपड़े खरीदने लायक पैसे नहीं थे, खुद डिजाइन किया था अपना सूटकंगना रनोट की मानें तो जब उन्हें अपने करियर का पहला नेशनल अवॉर्ड मिला था, तब उनके पास इतने पैसे नहीं थे कि वे सेरेमनी के लिए खास आउटफिट खरीद सकतीं। एक्ट्रेस ने शनिवार रात अपने एक सोशल मीडिया पेज से हुई पोस्ट को री-पोस्ट करते हुए यह दावा किया।
पहले नेशनल अवॉर्ड से जुड़ी कई यादें
कंगना ने लिखा, “पहला नेशनल अवॉर्ड। इससे कई खास यादें जुड़ी हुई हैं। मैं यह सम्मान पाने वाली सबसे युवा एक्ट्रेसेस में से एक थी। साथ ही वीमेन सेंट्रिक फिल्म के लिए महिला राष्ट्रपति के हाथों। मैंने अपना सूट खुद डिजाइन किया था, क्योंकि मेरे पास इतने पैसे नहीं थे कि कुछ खास खरीद सकती। वैसे सूट बुरा नहीं है…नहीं?”
क्या लिखा था फैन पेज की पोस्ट में
कंगना के फैन पेज की पोस्ट में तत्कालीन राष्ट्रपति प्रतिभा पाटिल के साथ एक्ट्रेस की फोटो साझा करते हुए लिखा गया था, “आज ही के दिन 11 साल पहले कंगना रनोट को 56वें नेशनल अवॉर्ड्स में मधुर भंडारकर की फिल्म ‘फैशन’ में निभाए गए उनके शोनाली गुजराल के लिए रोल के लिए बेस्ट सपोर्टिंग एक्ट्रेस का अवॉर्ड दिया गया था।”
तीन बार नेशनल अवॉर्ड जीत चुकीं कंगना
2006 में ‘गैंगस्टर’ से बॉलीवुड डेब्यू करने वाली कंगना अब तक तीन बार नेशनल अवॉर्ड जीत चुकी हैं। उन्हें फैशन (2008) में शोनाली बोस के रोल के लिए बेस्ट सपोर्टिंग एक्ट्रेस, ‘क्वीन’ (2014) में रानी मेहरा की भूमिका के लिए बेस्ट एक्ट्रेस और ‘तनु वेड्स मनु रिटर्न्स’ (2015) में दत्तो के किरदार के लिए बेस्ट एक्ट्रेस चुना गया। इसके अलावा, 2020 में भारत सरकार उन्हें देश के चौथे सबसे बड़े सम्मान पद्मश्री से सम्मानित कर चुकी है।
‘थलाइवी’ में नजर आएंगी कंगना रनोट
वर्क फ्रंट की बात करें तो कंगना इस साल तमिलनाडु की पूर्व मुख्यमंत्री दिवंगत जयललिता की बायोपिक ‘थलाइवी’ में नजर आएंगे। इसके अलावा उनकी अपकमिंग फिल्मों में ‘धाकड़’, ‘तेजस’, अपराजित अयोध्या’ और ‘मणिकर्णिका रिटर्न्स : द लीजेंड ऑफ दिद्दा’ शामिल हैं।