

जनता दरबार:प्रदेशभर से पहुंची शिकायतों पर गृहमंत्री ने एसपी से 15 दिन में जांच रिपोर्ट मांगी, करनाल मामले में एसीएस से मीटिंग करेंगेगृहमंत्री अनिल विज ने कैंट रेस्ट हाउस में जनता दरबार लगाया। इसमें अम्बाला के अलावा पानीपत, कुरुक्षेत्र, कैथल, करनाल, सोनीपत, फतेहाबाद, रोहतक, झज्जर समेत अन्य जिलों से लोग शिकायत लेकर पहुंचे। गृहमंत्री ने ज्यादातर शिकायतों पर संबंधित जिलों के एसपी से जांच करके 15 दिन में संबंधित जवाब मांगा है। फरियादियों को भी विज ने जांच के बाद मामले कार्रवाई करने के आदेश दिए हैं।
पानीपत से डाॅ. रणबीर सिंह ने एनएचएम में हुए घोटाले की शिकायतें दी है। चरखी-दादरी निवासी अजय कुमार ने गृहमंत्री को शिकायत दी कि डीईओ की रिश्वत लेते हुए एक वीडियो वायरल हुई है जिसकी शिकायत करने के बाद पुलिस ने मामला दर्ज नहीं किया है। 25 दिसंबर से लापता युवती के मामले में पुलिस द्वारा आरोपियों को छोड़ने व सीआईए द्वारा 30 हजार की रिश्वत मांगने का आरोप करनाल के गांव कारसाडोढ निवासी विनोद कुमार ने लगाए। विनाेद कुमार ने शिकायत के साथ रिकॉर्डिंग भी दी।
यमुनानगर के गांव मीरपुर निवासी और सीआरपीएफ जवान जोगिंद्र सिंह ने कहा उसकी पत्नी ने अपने मायके जाकर सुसाइड कर लिया है, जबकि सुसाइड से पहले 30 दिन तक उसकी पत्नी से कोई बातचीत नहीं हुई थी। पुलिस को सबूत देने के बावजूद पुलिस ने उसके खिलाफ मामला दर्ज कर दिया। गृहमंत्री ने इस मामले की दोबारा से जांच करने के आदेश एसपी को दिए हैं।
पानीपत डीसी को गृहमंत्री विज ने फोन करके कहा कि जनता दरबार में जसबीर सिंह कुंडू आए हैं और कष्ट निवारण समिति के चेयरमैन रहते तालाब पर कब्जे होने की शिकायत पर मामला दर्ज कराया था, लेकिन आगे कोई कार्रवाई नहीं हुई है। मंत्री ने डीसी को आगामी कार्रवाई के आदेश दिए हैं। इसी प्रकार हिसार निवासी कृष्ण चंद ने आरोप लगाया कि हिसार में एक डेरे ने फर्जी नई सच्चा सौदा सोसाइटी बनाकर पैसे का गबन किया है और आरटीआई के दस्तावेज लगाकर शिकायत दी है, विज ने शिकायत पर जांच कराने का आश्वासन दिया है।
सिरसा निवासी सुभाष कुमार ने बताया कि उसकी भांजी किरण की शादी वर्ष 2013 में कुलदीप से साथ हुई थी। उसकी सास, ससुर व पति ने भांजी को 29 दिसंबर 2020 को जहर देकर मार दिया गया था। इस मामले में पुलिस को शिकायत की गई। जिसके आधार पर कुलदीप को गिरफ्तार कर लिया गया था। उन्होंने आरोप लगाया कि मामले में संलिप्त आरोपी ससुर जोकि पुलिस में तैनात है, उसे व उसकी पत्नी को अभी तक गिरफ्तार नहीं किया है। गृहमंत्री ने एसपी सिरसा को जांच कर उचित कार्रवाई करने के आदेश दिए।
करनाल के ऊंचा सामना में आवंटित प्लाॅटों के मामले में लगातार दूसरे हफ्ते गांववासी दरबार में शिकायताें की गठरी लेकर पहुंचे। इस मामले में विज ने एडिशनल चीफ सेक्रेटरी के साथ बैठक करके कार्रवाई करने का आश्वासन दिया है। ऊंचा समाना के ये लाेग पिछले सप्ताह भी भी पहुंचे थे लेकिन गृहमंत्री के न मिलने से उनके पीए ने शिकायत ली थी।
रादौर निवासी मीना ने शिकायत दी कि 17 फरवरी 2021 को उसके बेटे अभिषेक को कॉलेज के बाहर से किडनैप करके बुरी तरफ से पीटा। इसी के चलते वह गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने नौ लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की, लेकिन मुख्य आरोपी अजय उर्फ बंटी के साथ-साथ किसी आरोपी को आज तक गिरफ्तार नहीं किया है ।
शाहाबाद निवासी बुजुर्ग प्रवीण कौर ने चैन स्नैचिंग के मामले में आरोपियों की गिरफ्तारी के बावजूद उसकी चैन न मिलने बारे शिकायत दी। गृहमंत्री ने एसपी कुरुक्षेत्र को मामले की उचित कार्रवाई के निर्देश दिए।
भूना से आए रामकुमार ने शिकायत दी कि उसका 16 अक्टूबर 2020 को प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत प्लाॅट आवंटित हुआ था, लेकिन नगर पालिका के कर्मचारी द्वारा प्लाॅट के आंवटन के मामले में सुविधा शुल्क की मांग की जा रही है।
सोनीपत निवासी सुनीता ने शिकायत में कहा कि पड़ोसियों ने उसके साथ मारपीट की लेकिन पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई न करके उल्टा उनको ही प्रताड़ित करने का काम किया जा रहा है।
झज्जर निवासी मोनू ने शिकायत में कहा कि 9 मार्च 2021 को उसके छोटे भाई को गांव के ही कुछ युवकों द्वारा अगवा करके उसके साथ बुरी तरह मारपीट की। संलिप्त आरोपियों को अभी तक गिरफ्तार नहीं किया गया।
पलवल निवासी सुरेश चंद ने शिकायत दी कि उसकी बेटी रश्मि की ससुराल में हत्या कर दी गई थी। मामले में संलिप्त आरोपी पति को ही पुलिस ने गिरफ्तार नहीं किया है।