

किसान मजदूर सम्मेलन:जब मंडी अर आढ़ती नहीं रहेंगे तो एमएसपी कौण देगा, कड़े देगा, क्यूकर देगा : सुरजेवालाकृषि कानून की दफा 2 एम में लिखा है मंडी नहीं साइलो गोदाम होंगे ट्रेड एरिया
तेल की बढ़ी कीमतों के विरोध में बैलगाड़ी पर हुए सवार
भारतीय जनता पार्टी और दुष्यंत ने ये लिखवाया कि अब अनाज मंडियां नहीं रहेंगी। वो झूठ बोलते हैं जब कहते हैं कि अनाज मंडियां रहेंगी। कानून की दफा दो एम के अंदर सबसे पहले ये लिखा कि है कि अब अडाणी का साइलो और फैक्ट्री ट्रेड एरिया होंगे, मंडी ट्रेड एरिया नहीं होगी।
ये बात कांग्रेस के राष्ट्रीय प्रवक्ता रणदीप सिंह सुरजेवाला ने कैथल में आयोजित किसान मजदूर सम्मेलन को संबोधित करते हुए कही। अम्बाला रोड स्थित मैरिज पैलेस में आयोजित सम्मेलन में कांग्रेस के प्रदेश प्रभारी विवेक बंसल, पूर्व मंत्री कृष्णमूर्ति हुड्डा, गुहला से पूर्व विधायक दिल्लूराम बाजीगर समेत कई नेता पहुंचे।
अक्सर हिंदी में ही भाषण देने वाले रणदीप सुरजेवाला ने ठेठ हरियाणवी में जनसभा को संबोधित किया। सुरजेवाला ने कहा कि जब तीन-चार धन्ना सेठ पूरी खेती को खरीद लेंगे तो आढ़ती, दुकानदारों, किसानों को कौन पूछेगा।
किसान अपनी फसल साइलो ले जाएंगे और वहां कमी निकालकर फसल पूरे रेट में खरीदने से मना कर दिया तो ऐसे हालात में किसान अपनी फसल कहां लेकर जाएगा, जो रेट कंपनी चाहेगी किसान उसी रेट फसल बेचने को मजबूर होगा। कुछ साल ज्यादा रेट पर फसल खरीदकर गोदाम वाले आढ़तियों की दुकानों पर ताले लगवा देंगे।
कुछ साल बाद जब सभी सरकारी मंडियां बंद हो जाएगी तो मनमाने रेट पर अनाज खरीदा जाएगा। मोदी कहते हैं एमएसपी खत्म नहीं होगा। जब फसल खरीदने वाला ही रहेगा तो न्यूतनम समर्थन मूल्य कौण देगा, कड़े देगा, क्यूकर देगा? एफसीआई तो रहेगी ही नहीं। एफसीआई को तो सरकार पैसे ही नहीं देती।
एफसीआई कर्ज लेकर फसल खरीदती है। आज इस पर 2.50 लाख करोड़ का कर्ज है। बड़ी कंपनियां ही पूरा अनाज स्टोर कर लेगी और जब तक मूल्य दो गुणा नहीं होगा सरकार रोकटोक भी नहीं करेगी। ऐसा ही किसानों के साथ होगा। कंपनी आएगी, कांट्रेक्ट करेगी और सिरी बनाकर चली जाएंगी। जो कंपनी चाहेगी वही बोना हो, कंपनी का बताया खाद दवाई डालना होगा।
कोई विवाद हुआ तो एसडीएम व डीसी फैसला करेंगे। ये अधिकारी तो इस सरकार में विधायकों की नहीं सुनते किसानों की कहां सुनेंगे। अब सरकार तीन कानूनों में संशोधन की बात कह रही है। जिन कानूनों में 22 कमियां हो उन्हें तो खत्म ही कर देना चाहिए। उन्होंने कहा कि भाजपा व सांसद नायब सैनी ने संसद में किसानों की मौत का मजाक ड़ाया है।
कांग्रेस नेताओं ने ईंधन की बढ़ी कीमतों के विरोध में बैलगाड़ी व ट्रैक्टर व अम्बाला रोड से शहीद स्मारक तक मार्च निकाला। इस अवसर पर हरियाणा कांग्रेस के प्रभारी विवेक बंसल, किसान कांग्रेस के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष सुरेंद्र सोलंकी, सुदीप सुरजेवाला, हरियाणा किसान कांग्रेस के अध्यक्ष धरमवीर कौलेखा,पूर्व मंत्री कृष्णमूर्ति हुड्डा, पूर्व मंत्री रामभज लोधर,पूर्व विधायक दिल्लूराम बाजीगर,सतबीर भाणा,सुरेश गुप्ता, अमन चीमा,बिल्लू चंदाना, सुरेश रोड,ईश्वर नैन,गौण खाप के प्रधान धूप सिह, सहारण खाप के प्रधान रामपाल, सरदार अवतार,गुरनाम सिह चक्कू,रोशन पाडला, रामकुमार बंसल, दलीप गुहणा,पीएल भारद्वाज, रामनिवास मित्तल, अश्विनी शोरेवाला, सुरेंद्र रांझा, भरत बैनीवाल,प्रवीण नैन,सुरजीत बैनीवाल, बलवान कुराड, गुरुदेव ढूंढवा, बृजपाल राणा, राजेश कालीरामणा, बिल्लू सैनी, महेश गोगिया, पवन थरेजा,विवेक गुप्ता आदि गणमान्य लोग मौजूद रहे।
इन मोडो को रेल में चढ़ाना पड़ेगा: सुरजेवाला
सुरजेवाला ने कहा सरकार के अविवाहित नेताओं पर कटाक्ष करते हुए कहा कि ये ब्याह ही नहीं राखे तो इनके घरां जूत कौण मारेगा। इसलिए लोग इन्हें गांवों में भी नहीं जाने देते। ये करो या मरो की लड़ाई है। कहावत है कि या बाबा रेल में या बाबा जेल में। अब इन मोडों को रेल में चढ़ाना पड़ेगा। सुरजेवाला ने तीन कृषि कानूनों पर बहस के लिए पीएम व सीएम को चुनौती दी। पेट्रोल-डीजल के महंगे रेट पर कहा कि तेल से मोदी, खट्टर, दुष्यंत टैक्स हटा दो पेट्रोल डीजल सस्ता हो जाएगा।