

दिल्ली पुलिस की नई ढाल:पुलिस ने बनवाई स्टील की लाठी, इसमें आर्म और रिस्ट कवर भी, तलवार और धारदार हथियार का हमला रोकेगीकिसान आंदोलन के दौरान सिंघु बॉर्डर पर SHO पर तलवार से हमला हुआ था। अब पुलिस ने ऐसे हमलों से सामना करने के लिए स्टील की लाठी बनवाई है। लाठी के साथ इसमें स्टील के आर्म और रिस्ट कवर भी लगे हुए हैं। यह पुलिस को तलवार और फरसे जैसे हथियारों के हमले से बचाने में सक्षम होंगे।
देखने में बिल्कुल तलवार जैसा
दिल्ली की शाहदरा पुलिस को तलवार जैसे दिखने वाले खास तरह के स्टील केे डंडे देने के साथ एक बाजूबंद भी दिया गया है, जिससे पुलिसकर्मी सामने से हमला करने वाले के वार को रोक भी सकेंगे। हालांकि इसे तैयार करने वाली कंपनी को कुछ बदलाव के सुझाव दिए गए हैं। इसके बाद ही इसका इस्तेमाल होगा।
26 जनवरी को उपद्रवियों ने लहराई थी तलवार
26 जनवरी को किसान परेड के दौरान उपद्रवियों ने कई बार दिल्ली पुलिस पर तलवार लहराई थी। सिंघु बॉर्डर पर भी 28 जनवरी को अलीपुर SHO पर तलवार से हमला हुआ था, जिसमें वो घायल हो गए थे। इसे देखते हुए पुलिस ने ये तैयारी की है।