

हरियाणा में अनलॉक-1 का छठा दिन है..अनलॉक-1 की शुरुआत हरियाणा के लिए बेहद खराब रही। जन-जीवन तो पटरी पर लौटा, लेकिन कोरोना संक्रमण की गति तीन गुना बढ़ गई। मात्र पांच दिन में ही एक हजार से ज्यादा संक्रमित मिले। लगातार बढ़ रहे संक्रमण के ग्राफ से मृत्युदर में इजाफा हो रहा है। प्रदेश में 26 मौतों से मृत्युदर 0.71 फीसदी पर पहुंच चुकी है। प्रदेश में 12 मरीजों की हालत नाजुक बनी हुई है। 8 मरीजों की सांसें अॉक्सीजन के सहारे चल रही हैं तो 4 वेंटीलेटर पर हैं।
शनिवार हरियाणा सरकार लॉकडाउन-1 में दी जाने वाली छूट पर बैठक कर सकती है। 8 जून से धर्मिक स्थल, होटल और शॉपिंग मॉल खोलने के मामले पर चर्चा होगी। इनको खोले जाने को लेकर सरकार फैसला ले सकती है। सीएम की अध्यक्षता में बैठक आयोजित होगी। इस बैठक में डिप्टी सीएम दुष्यंत चौटाला व गृह एवं स्वास्थ्य मंत्री अनिल विज मौजूद रहेंगे। 8 जून से दी जाने वाली छूट को लेकर विस्तार से चर्चा होगी। इसके बाद ही सरकार प्रदेश के लिए नए दिशानिर्देश जारी कर सकती है।
हरियाणा में इस समय गुड़गांव, फरीदाबाद और सोनीपत में होटल, मॉल व मंदिर खोलना सरकार के लिए चुनौती से कम नहीं है। इस समय प्रदेश के सबसे ज्यादा मरीज इन तीन जिलों में से आ रहे हैं। ये तीनों जिले दिल्ली से सटे हुए हैं। यहां के लोगों की सबसे ज्यादा आवाजाही दिल्ली में है। ऐसे में सरकार के लिए यहां इनका खोलना चुनौतीपूर्ण है।
फरीदाबाद में बढ़ते मरीजों की वजह से यहां कंटेनमेंट जोन की संख्या 10 गुणा बढ़ गई है। पहले यहां 12 कंटेनमेंट जोन थे अब यह बढ़कर 123 हो गए हैं। अब ज्यादा आबादी वाले इलाके कंटेनमेंट जोन बन गए हैं। कंटेनमेंट जोन बढ़ने से पुलिस व स्वास्थ्य विभाग की टीमों पर काम का प्रैशर बढ़ गया है।
फिलहाल प्रदेश में यूएसए से लौटे 21 लोगों, 14 इटली नागिरकों व 133 जमातियों को मिलाकर संक्रमितों का आंकड़ा 3597 पर पहुंच गया है। इनमें सबसे ज्यादा गुरुग्राम में 1563, फरीदाबाद में581 , सोनीपत में 261, झज्जर में 107, रोहतक में 114, पलवल में 100, नूंह में 85, करनाल में 81, हिसार में 78,, नारनौल में 77, अंबाला में 76, पानीपत में 67 , भिवानी में 57 , सिरसा में 50, कुरुक्षेत्र में 49,रेवाड़ी में 45, जींद व चरखी-दादरी में 35-35, कैथल में 34, फतेहाबाद में 30, पंचकूला में 28 तथा यमुनानगर में 9 संक्रमित मरीज हैं।
वहीं 14 इटली नागरिकों सहित कोरोना को मात देने वालों का आंकड़ा 1209 हो गया है। इनमें गुरुग्राम में 332, फरीदाबाद में171, सोनीपत में 158, झज्जर में 92, नूंह में 66 , पानीपत में 51, पलवल 48, अंबाला में 43 , करनाल में 36, नारनौल में 33, पंचकूला में 26, जींद में 24, कुरुक्षेत्र में 23, हिसार में 22, सिरसा में 13, रेवाड़ी में 12, यमुनानगर-फतेहाबाद में 9-9, रोहतक में 10, फतेहाबाद में 8, कैथल में 7, भिवानी में 6 तथा चरखी-दादरी में 1 मरीज ठीक होकर घर लौट चुके है|