महाराष्ट्र चुनाव रिजल्ट के चार दिन बाद नए CM को लेकर स्थिति साफ होती दिख रही है। बुधवार को ठाणे में एकनाथ शिंदे ने प्रेस कांफ्रेंस करते हुए कहा कि, भाजपा का सीएम हमें मंजूर है।
मैंने मोदी जी को फोन किया था हमारे बीच कोई मतभेद नहीं है, मन में कोई अड़चन न लाएं। हम सब NDA का हिस्सा हैं। भाजपा की बैठक में जो फैसला लिया जाएगा, हमें मंजूर होगा। कोई स्पीड ब्रेकर नहीं है। हम सरकार बनाने में अड़चन नहीं बनेंगे।
शिंदे ने आगे कहा कि, मैं कभी भी अपने आप को मुख्यमंत्री नहीं समझता। मैंने हमेशा आम आदमी बनकर काम किया। यह जनता की विजय है। समर्थन के लिए जनता को धन्यवाद। इलेक्शन के वक्त सुबह 5 बजे तक काम करते थे। सभी कार्यकर्ताओं ने बहुत मेहनत की।
शिंदे ने कहा- लोगों को लगता है कि हमारे बीच का मुख्ममंत्री है। घर हो, मंत्रालय हो, लोग आकर मिलते हैं। मैं हर व्यक्ति से मिलता हूं। मेरी जो पहचान मिली है, वो आपकी वजह से है। मैंने लोकप्रियता के लिए काम नहीं किया, महाराष्ट्र की जनता के लिए काम किया। ढाई साल तक केंद्र सरकार खड़ी रही। अगर राज्य को आगे लेकर जाना है तो केंद्र सरकार का साथ बहुत जरूरी है।
शिंदे बोले- मैं सबका लाडला भाई हूं, बहनों ने मुझे याद रखा
एकनाथ शिंदे ने कहा- चुनाव हुए और उसकी नतीजे आए, हमारे काम की बदौलत ऐतिहासिक नतीजा आया। मैं सबका लाडला भाई हूं। बहनों ने मुझे याद रखा और मेरी रक्षा की। मुझे हर चीज का पता है। कोई नाराज है कोई कहां गया ये मत पूछिए। इतनी बड़ी जीत है, ये ऐतिहासिक है। हम मिलकर काम करने वाले लोग हैं, हमने जी-तोड़ मेहनत की है। हमने जो भी काम किया है, वो मन से किया है। मेरा काम महाराष्ट्र की जनता के लिए होगा।
शिंदे ने कहा- पिछली सरकार में राज्य पीछे था, हम आगे लाए
एकनाथ शिंदे ने कहा- राज्य की प्रगति का स्तर हम लोगों ने बढ़ाया। इस वक्त भी राज्य की जो विकास की रफ्तार है, वो तेज है। मोदीजी, शाहजी ने बहुत सपोर्ट किया। किसी भी सरकार ने इतने सारे फैसले नहीं लिए। हमने जनता के लिए 124 फैसले लिए। पहले की सरकार में राज्य पीछे आ गया था और हम फिर इसे आगे लेकर आए हैं।
शिंदे बोले- मुझे मुख्यमंत्री की जवाबदारी दी, मैंने काम किया
एकनाथ शिंदे ने कहा, हमने परिवार को हर सदस्य को कुछ ना कुछ देने का प्रयास किया। सरकार का काम होता है कि लोगों के लिए काम करे। हर आदमी को हमे कुछ ना कुछ देना है। अमित शाह का पूरा सपोर्ट था मुझे। चट्टान की तरह मेरे पीछे खड़े रहे। कहा कि आप जनता के लिए काम करिए हम आपके साथ हैं। मुझ जैसे आम कार्यकर्ता पर विश्वास किया। मुझे मुख्यमंत्री की जवाबदारी दी। मैंने हर क्षण जनता के लिए काम किया।
एकनाथ शिंदे बोले- हमें बड़ी जीत देने पर जनता का धन्यवाद
एकनाथ शिंदे ने कहा- यह जनता की विजय है। समर्थन के लिए जनता को धन्यवाद। इलेक्शन के वक्त सुबह 5 बजे तक काम करते थे। सभी कार्यकर्ताओं ने बहुत मेहनत की। आम आदमी को कहां समस्य़ा आती है, वो मैं समझता हूं मैं कभी भी अपने आप को मुख्यमंत्री नहीं समझता। मैंने हमेशा आम आदमी बनकर काम किया। मैं देखता आ रहा हूं कि कुटुम्ब कैसे चलाया जाता है। मैंने सोचा था कि जब मेरे पास अधिकार आएंगे तो जो बीमार हैं, उनके लिए कोई योजना लाएंगे काम करेंगे।
भाजपा नेता बोले- शोले में 2 दोस्त थे, हम 3 तीन है, दोस्ती नहीं तोड़ेंगे
भाजपा नेता सुधीर मुनगंटीवार ने कहा, ‘मुख्यमंत्री महायुति से ही होंगे। मुझे नहीं लगता कि कोई जल्दबाजी है। जब मौजूदा सरकार एक पार्टी की होती है और चुनी हुई सरकार दूसरी पार्टी की होती है, तो जल्दबाजी होती है…हमारी सरकार अभी भी सत्ता में है। इसलिए कोई जल्दी नहीं है। मुख्यमंत्री पद को लेकर अंदरूनी मतभेद की खबरों पर उन्होंने कहा, ऐसा कुछ भी नहीं है…’शोले’ के 2 दोस्त थे, हम 3 दोस्त हैं। ये दोस्ती हम नहीं तोड़ेंगे।’
28 नवंबर को दिल्ली में महायुति की बैठक
28 नवंबर को दिल्ली में महायुति की बैठक हो सकती है। शिंदे, फडणवीस और अजित पवार दिल्ली जाएंगे। अमित शाह के साथ बैठक में मुख्यमंत्री पद को लेकर चर्चा होगी।
फडणवीस बोले- CM फेस का ऐलान जल्द होगा
सीएम चेहरे के बारे में पूछे जाने पर महाराष्ट्र के पूर्व डिप्टी सीएम देवेंद्र फडणवीस ने कहा, ‘इसका जवाब जल्द ही दिया जाएगा। महायुति के तीनों दलों के सभी सीनियर लीडर मिलकर इस पर फैसला ले रहे हैं।’
प्रियंका चतुर्वेदी बोलीं- फडणवीस का नाम फाइनल है तो ऐलान क्यों नहीं कर रहे
शिवसेना उद्धव गुट की नेता प्रियंका चतुर्वेदी महाराष्ट्र में सरकार गठन में देरी को लेकर सवाल उठाए हैं। उन्होंने ANI से कहा- अगर देवेंद्र फडणवीस का नाम फाइनल हो गया है तो ऐलान क्यों नहीं किया जा रहा है।
सरकार बनाने की कोई जल्दी नहीं
NDTV की रिपोर्ट के मुताबिक, भाजपा के एक नेता ने कहा है कि पार्टी को महाराष्ट्र में सरकार बनाने को लेकर कोई जल्दी नहीं है। उत्तर प्रदेश में भी सरकार बनने के लिए 2 हफ्ते लगे थे।
43 में से 21 मंत्री पद भाजपा अपने पास रख सकती है
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, महाराष्ट्र में 132 विधायकों वाली भाजपा 43 में से 21-22 मंत्री पद अपने पास रख सकती है। बाकी पद पार्टी सहयोगी दल को दे सकती है।
फडणवीस के लिए महिलाओं ने खून से लिखा खत
देवेंद्र फडणवीस को महाराष्ट्र का अगला मुख्यमंत्री बनाने के लिए संभाजी नगर यानी औरंगाबाद में बीजेपी की महिला कार्यकर्ताओं ने खून से लेटर लिखा है।
देवेंद्र फडणवीस को महाराष्ट्र का अगला मुख्यमंत्री बनाने के लिए संभाजी नगर यानी औरंगाबाद में बीजेपी की महिला कार्यकर्ताओं ने खून से लेटर लिखा है।
नेता विपक्ष को लेकर MVA मिलकर दावा पेश कर सकती है
विधानसभा चुनाव में किसी भी विपक्षी पार्टी को सदन में नेता प्रतिपक्ष (LoP) के लिए जरूरी सीटें नहीं मिली हैं। नियमानुसार विधानसभा सीटों की कम से कम 10% सीटें जीतने वाली विपक्षी पार्टी को यह पद दिया जाता है।
अगर कई पार्टियों ने इससे ज्यादा सीटें हासिल की हों, तो सबसे ज्यादा सीट वाली विपक्षी पार्टी को यह पद दिया जाता है। इस बार ऐसा नहीं है इसलिए MVA के संयुक्त LoP पद का दावा कर सकती है। इस संबंध में राज्यपाल को पत्र लिखकर प्री-पोल अलायंस का तर्क दिया जाएगा।
फडणीवस एक बार फिर CM बन सकते हैं,
वोट मार्जिन 0.5% बढ़ा तो भाजपा ने 105 से 132 सीटें जीतीं
‘मेरा पानी उतरता देख, किनारों पर घर मत बसा लेना… मैं समंदर हूं, लौटकर वापस आऊंगा।’
देवेंद्र फडणवीस ने दुष्यंत कुमार का यह शेर 1 दिसंबर 2019 को महाराष्ट्र विधानसभा में पढ़ा था। 28 नवंबर 2019 को भाजपा से अलग होकर उद्धव ठाकरे ने कांग्रेस और NCP के समर्थन से मुख्यमंत्री पद की शपथ ली थी। उद्धव ठाकरे की वजह से ही फडणवीस CM बनते-बनते रह गए थे।
23 नवंबर 2024, यानी 5 साल पूरे होने के 5 दिन पहले महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव का रिजल्ट आया। भाजपा 149 सीटों पर लड़ी, 132 सीटें जीतीं। उसके गठबंधन ने 288 सीटों में से रिकॉर्ड 230 सीटें जीतीं।