एएनआई, पाली (राजस्थान)। Rajasthan Elections 2023: राजस्थान विधानसभा चुनाव को लेकर पीएम मोदी ने पाली में एक चुनावी रैली को संबोधित किया। इस दौरान पीएम मोदी ने कांग्रेस और राजस्थान की अशोक गहलोत सरकार पर जमकर हमला बोला। उन्होंने कांग्रेस पर तुष्टिकरण का आरोप लगाया।
पीएम मोदी ने रैली को संबोधित करते हुए कहा कि आज हम एक विकसित राष्ट्र बनने के लिए कड़ी मेहनत कर रहे हैं। इसके लिए राजस्थान में विकास को प्राथमिकता देने वाली सरकार की जरूरत है। कांग्रेस के लिए भ्रष्टाचार और परिवारवाद की राजनीति से ज्यादा महत्वपूर्ण कुछ नहीं है। यह पार्टी तुष्टिकरण की राजनीति के अलावा कुछ नहीं सोचती है।
प्रधानमंत्री ने अशोक गहलोत सरकार को निशाने पर लिया। उन्होंने कहा कि राजस्थान में ऐसी सरकार जरूरी है, जो प्रदेश के विकास को सर्वोच्च प्राथमिकता दे। दुर्भाग्य से यहां पिछले पांच साल से जो कांग्रेस सरकार रही है, उसने लोगों को विकास में और पीछे धकेल दिया। यहां की कांग्रेस सरकार के लिए भ्रष्टाचार से बड़ा कुछ भी नहीं है। यहां की कांग्रेस सरकार के लिए परिवारवाद ही सबकुछ है।
राजस्थान में पेट्रोल की बढ़ी कीमतों को लेकर PM मोदी ने अशोक गहलोत सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि राजस्थान सरकार की लूट का एक उदाहरण यहां पेट्रोल की कीमतें हैं। राजस्थान के पड़ोसी राज्यों हरियाणा, उत्तर प्रदेश और गुजरात में भाजपा की सरकार है। वहां पेट्रोल 97 रुपये प्रति लीटर मिलता है, लेकिन राजस्थान की कांग्रेस सरकार इन राज्यों से 12 रुपये ज्यादा महंगा पेट्रोल बेचती है।
पीएम ने कहा कि मैं आज राजस्थान को गारंटी देता हूं कि 3 दिसंबर के बाद यहां भाजपा सरकार बनने के बाद पेट्रोल-डीजल की कीमतों की समीक्षा की जाएगी। इससे गरीब और मध्यम वर्गीय परिवारों को बहुत राहत मिलेगी।