हरियाणा भाजपा ने पूर्व केंद्रीय मंत्री सीनियर भाजपा नेता चौधरी बीरेंद्र सिंह की धमकी पर दो-टूक बात कह दी है। BJP ने बीरेंद्र सिंह को स्पष्ट कर दिया है कि यह भाजपा की नहीं बल्कि जजपा को लेकर बीरेंद्र सिंह के लिए अपनी सीट की लड़ाई है।
इस बारे में हरियाणा BJP अध्यक्ष ओमप्रकाश धनखड़ ने कहा-” वह हर साल रैली करते हैं, वे पहले भी यही बात कहते रहे हैं। जब मैं और पार्टी प्रभारी बिप्लब देब उनके यहां उचाना कार्यक्रम में गए थे तब भी उन्होंने यह बात कही थी। उनके क्षेत्र और उनकी सीट की कठिनाई है, इस नाते से वह यह बात कहते हैं।”
कुछ दिन पहले जींद में ‘मेरी आवाज सुनो’ रैली के दौरान चौधरी बीरेंद्र सिंह ने कहा था कि अगर अगले चुनाव में भी भाजपा ने डिप्टी CM दुष्यंत चौटाला कि जननायक जनता पार्टी (JJP) से गठबंधन किया तो वह BJP को छोड़ देंगे।
JJP से चौधरी बीरेंद्र सिंह के विवाद की ये वजह
उचाना वही विधानसभा सीट है, जहां से मौजूदा डिप्टी CM दुष्यंत चौटाला ने चुनाव जीता था। उन्होंने इस सीट से BJP की उम्मीदवार और चौधरी बीरेंद्र सिंह की पत्नी प्रेम लता को 47452 वोटों के बड़े अंतर से मात दी थी। इसके बाद फिर डिप्टी CM यह ऐलान कर चुके हैं कि वह उचाना से ही चुनाव लड़ेंगे। चूंकि भाजपा का जजपा के साथ गठबंधन है, ऐसे में 2024 में होने वाले विधानसभा चुनाव के दौरान JJP भाजपा से उचाना सीट मांगेगी। इससे चौधरी बीरेंद्र सिंह फैमिली का पत्ता कट जाएगा। इसी वजह से चौधरी बीरेंद्र सिंह लगातार पार्टी लाइन से अलग चल रहे हैं।
हिसार सीट को लेकर भी चौधरी चिंतित
हरियाणा के दिग्गज नेताओं में शुमार चौधरी बीरेंद्र सिंह के बेटे अभी हिसार सीट से भाजपा के सांसद हैं। इस बार 2024 में होने वाले लोकसभा चुनाव में यहां से कांग्रेस से भाजपा में कुलदीप बिश्नोई अपना दावा ठोक सकते हैं। कुलदीप बिश्नोई कांग्रेस से भाजपा में आए हैं। हिसार की आदमपुर सीट से उनके बेटे भव्य बिश्नोई विधायक हैं। हिसार और राजस्थान में बिश्नोई का आधार देख उनका दावा भारी पड़ सकता है। ऐसे में चौधरी बीरेंद्र सिंह को ये सीट भी जाती हुई दिख रही है। सियासी जानकारों का कहना है कि चौधरी अब अपने परिवार का राजनीतिक भविष्य बचाने के लिए भाजपा के साथ दबाव की राजनीति करने में लगे हुए हैं।
कांग्रेस के सीनियर विधायक के बेटी की शादी में असंध से कांग्रेस विधायक शमशेर सिंह गोगी के साथ बैठे भाजपा नेता चौधरी बीरेंद्र सिंह।
कांग्रेसी नेताओं से नजदीकियां बढ़ा रहे चौधरी
पिछले दिनों जींद में जननायक जनता पार्टी से गठबंधन नहीं तोड़ने की सूरत में भाजपा छोड़ने की बात कहने वाले चौधरी बीरेंद्र सिंह कांग्रेस के नेताओं के साथ नजर आने लगे हैं। शुक्रवार की शाम कांग्रेस के नेताओं के साथ भाजपा के वरिष्ठ नेता चौधरी बीरेंद्र सिंह एक शादी समारोह में शरीक हुए, जिसको लेकर काफी चर्चा हो रही है। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता के पारिवारिक फंक्शन में भाजपा की तरफ से इकलौते नेता के तौर पर चौधरी बीरेंद्र सिंह नजर आए।