रोहतक के गांव पहरावर में एक महिला ने फंदा लगाकर सुसाइड कर लिया। महिला ने करीब 3 साल पहले लव मैरिज की थी और अब अपने ससुराल में रहती थी। शादी के बाद महिला को बच्चा नहीं हुआ तो ससुराल वालों ने उसको तंग करना शुरू कर दिया। जिससे तंग आकर उसने अपनी जान दे दी।
सोनीपत के गांव रिंढाणा निवासी रामलखन ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसकी छोटी बहन आरती (23) थी। 8 जनवरी 2020 को आरती ने रोहतक के पहरावर निवासी सोमवीर के साथ लव मैरिज की थी। उसकी बहन को अभी तक बच्चा नहीं हुआ। जिसके कारण आरती को उसका पति ताने मारता था और मारपीट भी करता रहता था।
पंखे पर फंदे से लटकी मिली महिला
उन्होंने बताया कि गुरुवार की देर शाम को आरती के देवर का फोन आया। जिस पर आरती की सास ने बात की। उन्होंने बताया कि आरती ने फंदा लगा लिया है। इसकी सूचना मिलते ही मायके वाले वहां पर पहुंच गए। उन्होंने देखा कि आरती पंखे पर चुन्नी के फंदे से लटकी हुई थी।
ससुराल वालों से तंग होकर किया सुसाइड
राम लखन ने कहा कि ससुराल वालों के कारण उसकी बहन ने अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली। उनके खिलाफ कार्रवाई की जाए। जिसके आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज जांच शुरू कर दी है।