मुख्यमंत्री नीतीश कुमार बुधवार को जमुई और बांका पहुंचे। जमुई में उन्होंने सोनो के बरनार काजवे के क्षतिग्रस्त पुल का निरीक्षण किया। इसके बाद वह बांका के लिए रवाना हो गए। बांका में सीएम नीतीश अंग्रेजी देखकर भड़क उठे। उन्होंने कहा कि हिंदी को आगे बढ़ाना है। इस दौरान मुख्यमंत्री ने सदर अस्पताल परिसर में 14 करोड़ की लागत से मॉडल अस्पताल भवन का लोकार्पण किया।
जागरण टीम, बांका/जमुई: मुख्यमंत्री नीतीश कुमार बुधवार को बांका पहुंचे। इस दौरान सदर अस्पताल में 14 करोड़ की लागत से मॉडल अस्पताल भवन का लोकार्पण किया। अभियान बसेरा के तहत 1015 भूमिहिन परिवारों के बीच जमीन का पर्चा वितरण किया। साथ ही करोड़ों की योजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास भी किया।
इस क्रम में सदर अस्पताल में कैफेटेरिया, इंडोर स्टेडियम व आरएमके मैदान स्थित डिजिटल लाइब्रेरी का बोर्ड अंग्रेजी में लिखा देख मुख्यमंत्री भड़क गए। उन्होंने नाराजगी जाहिर करते हुए कहा कि हिंदी को बढ़ाने के लिए हमलोग काम कर रहे हैं और यहां सभी जगहों पर अंग्रेजी में लिखावट है।
मुख्यमंत्री ने डीएम अंशुल कुमार से शीघ्र ही अंग्रेजी की जगह हिंदी में बोर्ड लगाने का निर्देश दिया। इसके अलावा, इंडोर स्टेडियम में उन्होंने खिलाड़ियों से बातचीत की। खिलाड़ियों से सभी सुविधाएं मिलने की भी जानकारी प्राप्त की। यहां के बाद मुख्यमंत्री ने डिजिटल लाइब्रेरी में पढ़ाई कर रहे छात्र-छात्राओं से भी बातचीत की।