रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन और नॉर्थ कोरिया के तानाशाह किम जोंग की बुधवार को रूसी स्पेसपोर्ट वोस्तोचन कॉस्मोड्रोम में मुलाकात हुई। यह स्पेसपोर्ट रूस के पूर्वी आमूर रीजन में है। इससे पहले दोनों नेताओं की 4 साल पहले 2019 में मुलाकात हुई थी।
किम जोंग ने रूसी स्पेस रॉकेट लॉन्च साइट वोस्तोचन कॉस्मोड्रोम में लॉन्च फेसेलिटी का जायजा लिया। स्पेस के क्षेत्र में नॉर्थ कोरिया के साथ सहयोग के सवाल पर पुतिन ने कहा, ‘हम इसी वजह से स्पेस सेंटर में मिल रहे हैं। नॉर्थ कोरिया के लीडर रॉकेट कंस्ट्रक्शन तकनीक में दिलचस्पी रखते हैं। हमारे पास बहुत समय है और हम हर मुद्दे पर बातचीत करेंगे।’
पुतिन ने कहा- ‘मुझे आपसे मिलकर खुशी हुई।’ इसके जवाब में किम जोंग ने पुतिन को व्यस्त शेड्यूल से समय निकालने के लिए धन्यवाद दिया। किम जोंग मंगलवार को अपनी प्राइवेट ट्रेन से रूस के व्लदिवोस्तोक शहर पहुंचे थे। यहां उनका भव्य स्वागत किया गया। किम के साथ उनकी बहन किम यो जोंग भी रूस के दौरे पर आई हैं।
फोटोज में देखिए किम की रूस विजिट…
वोस्तोचन कॉस्मोड्रोम रॉकेट कंस्ट्रक्शन साइट का जायजा लेते पुतिन-किम जोंग।
किम के साथ उनकी बहन किम यो जोंग भी रूस के दौरे पर आई हैं।
पुतिन-किम जोंग ने रूसी स्पेसपोर्ट वोस्तोचन कॉस्मोड्रोम का दौरा किया।
बुधवार को रूसी स्पेसपोर्ट वोस्तोचन कॉस्मोड्रोम में पुतिन ने किम जोंग को रिसीव किया।
मंगलवार को रूस पहुंचने के बाद किम जोंग ने रूस के नेचुरल रिसोर्स एंड इकोलॉजी मंत्री से मुलाकात की थी।
मंगलवार को किम जोंग अपनी ट्रेन से रूस के व्लदिवोस्तोक शहर पहुंचे, जहां रूसी मंत्री ने उनका स्वागत किया।
ट्रेन से रूस पहुंचे किम जोंग
किम जोंग मंगलवार को अपनी ट्रेन से रूस के शहर व्लदिवोस्तोक पहुंचे थे। यह जगह रूस और नॉर्थ कोरिया सीमा से करीब 127 मील दूर है। उनके साथ मिलिट्री के टॉप कमांडर भी हैं। रूस की न्यूज एजेंसी टास के मुताबिक, दो मुलाकातों के बाद पुतिन और किम जोंग उन डिनर करेंगे। पुतिन 2019 में भी किम जोंग उन से व्लदिवोस्तोक शहर में ही मिले थे।
रूस-नॉर्थ कोरिया की संभावित हथियार डील पर अमेरिका की नजर
क्रेमलिन के प्रवक्ता डिमिट्री पेस्कोव ने कहा है कि पुतिन और किमजोंग उन की मुलाकात दोनों देशों के रिश्तों को बेहतर बनाएगी। इस बीच अमेरिका के रक्षा मंत्रालय ने कहा है कि उनकी नजर इस मुलाकात पर रहेगी।
वो नॉर्थ कोरिया से अपील करते हैं कि वो रूस को किसी भी तरह के हथियार न दें। किम जोंग उन की प्राइवेट ट्रेन में उनके साथ डिफेंस मिनिस्टर, फॉरेन मिनिस्टर और स्पेस टेक्नॉलोजी के इंचार्ज हैं। NK न्यूज के मुताबिक कोरिया की सेना के मार्शल री प्योंग चोल, पाक जोंग चोन और किम म्योक सिक भी ट्रेन पर तानाशाह के साथ मौजूद हैं।