

हरियाणा के नूंह में विश्व हिंदू परिषद (VHP), सर्व जातीय हिंदू महापंचायत और बजरंग दल के आह्वान पर आज सुबह 11 बजे दोबारा ब्रजमंडल यात्रा निकाली जा रही है। हरियाणा सरकार और नूंह जिला प्रशासन ने इस यात्रा के लिए परमिशन नहीं दी थी।
हालांकि, सोमवार सुबह प्रशासन ने नलहरेश्वर मंदिर में जलाभिषेक के लिए 10-15 साधु संतों को जाने की अनुमति दे दी। पुलिस के पास इन साधु-संतों की लिस्ट है। इनके अलावा हिंदू संगठन के भी 13 लोगों को परमिशन मिली है।
31 जुलाई को ब्रजमंडल यात्रा के दौरान हिंसा हुई थी। जिसमें होमगार्ड समेत 6 लोगों की मौत हो गई थी।
नूंह ब्रजमंडल यात्रा से जुड़े अपडेट्स….
फोटोज में देखिए नूंह के हालात…

ये तस्वीर रविवार रात की है। नूंह-गुरुग्राम बॉर्डर पर पुलिस ने बैरिकेडिंग की है, जहां गाड़ियों की चेकिंग करके ही नूंह में एंट्री दी जा रही है।

यह तस्वीर भी रविवार की है। पुलिस संवेदनशील इलाकों पर ड्रोन से नजर रख रही है। जिले की सभी सीमाओं पर गाड़ियों को चेकिंग के बाद ही आगे जाने की परमिशन दी जा रही है।

यह तस्वीर सोमवार सुबह की है। नूंह में दुकानें बंद पड़ी हैं और बाजारों में सन्नाटा पसरा है।

नूंह में रविवार रात से ही रैपिड एक्शन फोर्स के जवानों को तैनात कर दिया गया। फोर्स ने अपनी सुरक्षा के लिए सड़कों पर रेत की बोरियों की दीवार बना रखी है।
सबसे पहले जानिए यात्रा का शेड्यूल
VHP ने ब्रजमंडल यात्रा का शेड्यूल जारी किया है। इसके मुताबिक, सुबह 11 बजे नूंह के नल्हड़ गांव स्थित ऐतिहासिक नलहरेश्वर महादेव मंदिर से जलाभिषेक के साथ यात्रा शुरू होगी। यहां से यात्रा नूंह शहर से गुजरते हुए फिरोजपुर झिरका पहुंचेगी। सिंगार गांव में खत्म होगी। इस दौरान नलहरेश्वर मंदिर और फिरोजपुर झिरका और सिंगार गांव के मंदिर में जलाभिषेक कार्यक्रम होगा।
VHP नेता आलोक कुमार ने बताया कि मेवात का इलाका संवेदनशील है, इसलिए हम 31 जुलाई को हिंसा की वजह से अधूरी रह गई यात्रा को छोटा करेंगे, लेकिन उसे छोड़ेंगे नहीं। उन्होंने कहा कि पिछली बार जो यात्रा बीच में छूट गई थी, उसे सावन के सोमवार को पूरा करना जरूरी है और आज, यानी 28 अगस्त को सावन का आखिरी सोमवार है।
CM-विहिप आमने-सामने
हरियाणा के CM मनोहर लाल और विश्व हिंदू परिषद के नेता इस यात्रा को लेकर आमने-सामने हैं। CM ने यात्रा से एक दिन पहले, रविवार को कहा था कि नूंह में दोबारा यात्रा निकालने की परमिशन नहीं दी गई। CM ने लोगों से अपील की थी कि वह नूंह न जाकर अपने नजदीकी मंदिर में ही जलाभिषेक का कार्यक्रम करें।
CM के इस बयान के बाद विहिप के राष्ट्रीय प्रवक्ता विनोद बंसल ने कहा कि 28 अगस्त की सुबह 11 बजे नूंह के नलहरेश्वर मंदिर से यात्रा की शुरुआत करेंगे। इस यात्रा की परमिशन लेने का सवाल ही नहीं उठता।
DGP-CID चीफ के साथ CM की मीटिंग
नूंह में दोबारा यात्रा निकालने के ऐलान के बाद CM मनोहर लाल ने रविवार सुबह ही चंडीगढ़ में अपने आवास पर राज्य के DGP शत्रुजीत कपूर और CID चीफ ADGP आलोक मित्तल के साथ 2 घंटे लंबी मीटिंग की। इसमें नूंह के ताजा हालात और यात्रा निकलने की सूरत में खुफिया इनपुट को लेकर चर्चा की गई।
दरअसल 31 जुलाई को हुई हिंसा के दौरान पुलिस और CID के बीच तालमेल न होने को लेकर सवाल खड़े हुए थे। CID के एक इंस्पेक्टर ने दावा किया था कि उन्होंने हिंसा की आशंका का इनपुट भेजा था, मगर पुलिस अधिकारियों ने कहा था कि उन्हें ऐसा कोई इनपुट नहीं मिला। उसके बाद गृहमंत्री अनिल विज ने गृहसचिव को इंस्पेक्टर के दावे की जांच के आदेश भी दिए थे।
नूंह में ब्रजमंडल यात्रा से जुड़ी अन्य खबरें भी पढ़ें…
नूंह को पुलिस ने किया सील:ब्रजमंडल यात्रा से एक दिन पहले ड्रोन से निगरानी

नूंह में ब्रजमंडल यात्रा को लेकर पुलिस ने सख्ती बढ़ा दी है। जिले काे पूरी तरह से सील कर दिया गया है। जगह-जगह पुलिस की नाकाबंदी है। नूंह की ओर आ रहे हर वाहनों को कड़ी जांच के बाद ही एंट्री दी जा रही है। सोहना-नूंह टोल प्लाजा पर पुलिस तैनात है और हर वाहन को रोककर तलाश ली जा रही है।
नूंह में ब्रजमंडल यात्रा से पहले पसरा सन्नाटा:नल्हड़ के शिव मंदिर में श्रद्धालुओं की भीड़

हरियाणा के नूंह में ब्रजमंडल यात्रा को लेकर हिंदू संगठनों और प्रशासन के बीच चल रही तनातनी का असर शहर में दिखने लगा है। नूंह की सड़कों पर सन्नाटा छा गया है। नूंह के जिस दिल्ली-अलवर नेशनल हाईवे पर 24 घंटे चहल पहल दिखाई देती थी, आज आवाजाही नाममात्र की दिखाई दे रही है।