चंद्रयान-3 का लैंडर आज चंद्रमा के और करीब पहुंचेगा:निचली कक्षा में लाने के लिए थ्रस्टर फायर किए जाएंगे, 23 अगस्त को लैंडिंग
August 18, 2023
हिमाचल में 55 दिन में 113 लैंडस्लाइड, 330 की मौत:चौड़ी सड़कों ने पहाड़ों की नींव हिलाई; UP के 14 जिलों पर सूखे का खतरा
August 18, 2023

चुनाव से पहले सस्ता हो सकता है पेट्रोल:खाद्य तेल और गेहूं को भी सस्ता करने की तैयारी, महंगाई रोकने ₹1 लाख करोड़ का फंड

केंद्र सरकार आम चुनाव से पहले महंगाई नियंत्रित करने के लिए एक्शन में आ गई है। सूत्रों के मुताबिक प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आने वाले हफ्तों में पेट्रोल की बिक्री पर टैक्स कम करने, खाद्य तेल और गेहूं पर आयात शुल्क कम करने जैसे बड़े फैसले ले सकते हैं।

इतना ही नहीं, केंद्र सरकार के अधिकारी खाद्य और ईंधन की लागत में वृद्धि को रोकने के लिए विभिन्न मंत्रालयों के बजट से करीब एक लाख करोड़ रुपए को फिर से आवंटित करने की योजना पर काम कर रहे हैं।

मामले से जुड़े अधिकारी के मुताबिक यह फंड कुल बजट का करीब 2% है। इसका इस्तेमाल गरीबों के लिए सस्ता कर्ज और घर उपलब्ध कराने में किया जा सकता है। इस हफ्ते प्रधानमंत्री मोदी ने 77वें स्वतंत्रता दिवस के मौके पर राष्ट्र के नाम दिए भाषण में 15 महीने के उच्चतम स्तर पर पहुंची महंगाई से लड़ने का ऐलान किया है। हालांकि सरकार के पास कीमतों पर लगाम कसने के लिए बस कुछ ही महीने बचे हैं।

असामान्य बारिश और बाढ़ के कारण घरेलू वस्तुओं की बढ़ी कीमतें
एक अन्य अधिकारी ने कहा कि देश के कई हिस्सों में असामान्य बारिश और बाढ़ के कारण कई घरेलू वस्तुओं की कीमतों में वृद्धि हुई है, जिसमें टमाटर और प्याज जैसी प्रमुख खाद्य सामग्री शामिल है। सरकार ने महंगाई पर अकुंश लगाने के लिए कई कदम उठाए हैं। खाद्य जमाखोरों पर कार्रवाई से कीमतें कम होती रहेंगी।

2022 में गेहूं के निर्यात पर प्रतिबंध के बाद, सरकार ने पिछले महीने चावल की कुछ किस्मों के शिपमेंट पर भी रोक लगा दी हरै। साथ ही, कुछ खाद्य पदार्थों के भंडारण पर भी प्रतिबंध लगा दिया है।

रूस से सस्ती दरों पर 90 लाख टन गेहूं लाने की तैयारी
सरकार रूस से सस्ती दरों पर गेहूं खरीदने पर बातचीत कर रही है। दरअसल सीमित आपूर्ति के कारण देश में थोक गेहूं की कीमत दो महीनों में 10% तक बढ़ गई है। भारत को 30 से 40 लाख मीट्रिक टन गेहूं की जरूरत है, पर सरकार दाम पर ज्यादा नियंत्रण रखने के लिए 80 से 90 लाख मीट्रिक टन खरीदी कर सकती है।

इससे पहले भारत ने 2017 में 53 लाख मीट्रिक टन गेहूं आयात किया था। इससे गरीबों पर महंगाई के असर का कम करने में मदद मिल सकती है। एक अधिकारी ने बताया कि रूस ने बाजार की मौजूदा कीमतों पर छूट देने की पेशकश की है। ₹2,076 से ₹3,322 प्रति टन डिस्काउंटेड प्राइस पर भारत गेहूं खरीद सकता है।

16 राज्यों में पेट्रोल 100 के ऊपर
देश के 16 राज्यों में पेट्रोल 100 रुपए प्रति लीटर के ऊपर है। मध्य प्रदेश, आंध्र प्रदेश, बिहार, महाराष्ट्र, कर्नाटक, मणिपुर, तेलंगाना, पंजाब, झारखंड, सिक्किम, ओडिशा, केरल, तमिलनाडु, पश्चिम बंगाल, छत्तीसगढ़ और राजस्थान के सभी जिलों में पेट्रोल 100 रुपए के ऊपर बिक रहा है। वहीं डीजल भी ओडिशा, राजस्थान और मध्य प्रदेश में 100 रुपए से ऊपर है।

एक साल से ज्यादा समय से नहीं बदले पेट्रोल-डीजल के दाम
आखिरी बार 21 मई 2022 में पेट्रोल-डीजल की कीमतों में बदलाव किया गया था। तब पेट्रोल पर 8 रुपए और डीजल पर 6 रुपए प्रति लीटर उत्पाद शुल्क घटाया गया था। इससे पेट्रोल और डीजल के दाम 9.5 रुपए और 7 रुपए कम हो गए थे।

हालांकि पिछले महीने 10 जून को पंजाब सरकार ने पेट्रोल वैट दर में करीब 1.08% की बढ़ोतरी की गई है। इससे वहां पेट्रोल प्रति लीटर 92 पैसे प्रति लीटर महंगा हो गया। जबकि डीजल वैट दर में 1.13% बढ़ोतरी होने से यह 90 पैसे प्रति लीटर महंगा हो गया। वहीं जुलाई 2022 में, महाराष्ट्र सरकार ने पेट्रोल और डीजल पर VAT में 5 रुपए और 3 रुपए प्रति लीटर की कटौती की थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Updates COVID-19 CASES