यूक्रेन के खरसोन इलाके में रविवार को रूस की गोलाबारी से 7 लोगों की मौत हो गई। मरने वाले में एक 23 दिन की बच्ची और एक परिवार के 4 लोगों शामिल हैं। यूक्रेन के गृह मंत्री ने इसकी जानकारी दी है। उन्होंने बताया कि गोलीबारी खरसोन में नाइपर नदी के किनारे बसे गांव शिरोका बाल्का में हुई। गोलीबारी के बाद एक 12 साल का बच्चा घायल हालत में मिला था, जिसकी अस्पताल में मौत हो गई।
गृहमंत्री ने टेलीग्राम पोस्ट में लिखा- आतंकवादी (रूसी सैनिक) कभी भी लोगों को मारना नहीं बंद नहीं करेंगे। उन आतंकवादियों को पूरी ताकत लगाकर रोकने की जरूरत है। वे कुछ और नहीं समझते हैं। यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमिर जेलेंस्की ने भी इस हमले की निंदा की है।
तस्वीर में रूसी गोलीबारी में मारे गए लोगों के शवों को देखा जा सकता है।
यूक्रेन का जंग में बढ़त बनाने का दावा
रूस की तरफ से ये हमला तब हुआ जब शनिवार को ही यूक्रेन की उप-रक्षामंत्री हेन्ना मेलियार ने रूस के कब्जे वाले खेरसान के नाइपर नदी के पूर्वी तट पर यूक्रनी सैनिको के होने की अफवाहों को खारिज किया था। यूक्रेनी मिलिट्री के अधिकारियों ने शनिवार को बताया कि सेना ने दक्षिण में बढ़त बनाई है, दक्षिणी जेपोरेजिया प्रांत में एक गांव और कुछ प्रमुख इलाकों पर कब्जा किया है।
यूक्रेन के जनरल स्टाफ ने बताया कि उन्होंने जेपोरेजिया प्रांत के रोबोटाइन इलाके में कुछ सफलता मिली है। जेपोरेजिया पर इस समय रूस का कब्जा है, जिसे यूक्रेन दक्षिण में मेटियोपोल की ओर बढ़ते हुए वापस लेने की कोशिश कर रहा है।
गोलीबारी के बाद खरसोन के शिरोका बाल्का गांव में रेस्क्यू के लिए पहुंचे सुरक्षा कर्मी
एक हजार किलोमीटर में फैली लड़ाई
पिछले कुछ हफ्तों में फ्रंट लाइन पर लगभग 1000 किलोमीटर के दायरे में कई जगहों पर लड़ाई हुई है। यूक्रेन ने रूस के खिलाफ जवाबी कार्रवाई शुरू की है। इसमें उसे पश्चिमी देशों से हथियारों और सैनिकों को ट्रेनिंग करने में मदद मिली है।
रूस में स्थानीय अधिकारियों ने बताया कि एयर डिफेंस सिस्टम ने कुर्स्क इलाके में एक ड्रोन और बेलगोरोद में तीन मार गिराए। यूक्रेन की तरफ से रूस के सीमाई इलाकों पर रोजना ही ड्रोन हमले किए जा रहे हैं। मई में क्रेमलिन पर हुए ड्रोन हमले के बाद से रूस पर ड्रोन अटैक बढ़ गए हैं। हाल के दिनों में मॉस्को और क्रीमिया दोनों पर हमले हुए हैं।
जंग के 17 महीनों के बाद रूस पर ड्रोन हमला यूक्रेन की रूस को अस्थिर करने की नीति का हिस्सा है जिसका मकसद रूस को जंग से पैदा हुए बुरे नतीजों को बताना है।
तस्वीर मई में मॉस्को में हुए ड्रोन अटैक की है। रूस ने यूक्रेन को इसका जिम्मेदार ठहराया था।
कार्गो शिप को रूस ने चेतावनी दी
वहीं, रूस ने बताया कि उसने ब्लैक सी में एक कार्गो शिप पर वार्निंग शॉट फायर किया है। शिप यूक्रेन के इजमैल पोर्ट की तरफ बढ़ रहा था। जिसे चेक करने के लिए रूस ने कहा था, लेकिन शिप के कैप्टन ने कोई जवाब नहीं दिया। पिछले ही महीने UN की कराई गई ग्रेन डील के बाद रूस ने पहली बार किसी शिप पर फायर किया है।