हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल महेंद्रगढ़ के कनीना में पहुंच गए हैं। वे यहां मंडी में जन संवाद प्रोग्राम में आम जन से समस्याएं सुन रहे हैं। साथ ही मुख्यमंत्री हरियाणा सरकार की जन कल्याणकारी नीतियों के बारे में लोगों को जानकारी देंगे। सीएम के जन संवाद में लोगों, जिनमें महिलाएं भी हैं की भीड़ उमड़ी है।
सीएम के जनसंवाद में कनीना में उमड़ी भीड़।
महेंद्रगढ़ जिले की अटेली विधानसभा क्षेत्र में सीएम के आज तीन जनसंवाद कार्यक्रम हैं। कनीना के बाद वे सुंदराह गांव में और तीसरा कार्यक्रम अटेली के राजकीय महिला कॉलेज में रखा गया है। हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल जनसंवाद कार्यक्रम के माध्यम से लोगों के बीच सरकार की योजनाओं के बारे में बातचीत करते हैं लोगों की समस्याएं सुनते हैं और कोशिश की जाती है कि लोगों की समस्याओं का समाधान मौके पर ही किया जाए। इसके तहत आज अटेली विधानसभा क्षेत्र के तीन स्थानों पर जनसंवाद का कार्यक्रम रखा गया है।
कनीना मंडी में मंच पर बैठे सीएम मनोहर लाल।
1200 पुलिसकर्मी लगाए गए
मुख्यमंत्री के इस दौरे को लेकर पुलिस विभाग ने भी सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए हैं। मुख्यमंत्री के दौरे को लेकर 1200 पुलिस कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई है 30 स्थानों पर नाके लगाए गए हैं। वहीं 8 डीएसपी भी इस दौरान विशेष ड्यूटी पर तैनात हैं।
बारिश डाल सकती है खलल
पिछले दो-तीन दिनों से बरसात का मौसम बना हुआ है। गुरुवार को क्षेत्र में बरसात भी हुई थी। अब डर यह बना हुआ है कि आज भी कहीं बरसात ना हो। मुख्यमंत्री का तीन जगह कार्यक्रम रखा गया है। हालांकि वाटर प्रूफ टेंट लगाया गया है, लेकिन फिर भी बारिश खलल डाल सकती है।