देश के उत्तरी राज्यों में भारी बारिश जारी है। इसकी वजह से इन राज्यों में बाढ़ जैसे हालात बने हुए हैं। पहाड़ी राज्यों हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में बारिश ने रास्ते रोक दिए हैं।
उत्तराखंड के चमोली जिले में बद्रीनाथ नेशनल हाईवे का करीब 200 मीटर हिस्सा बह गया है। हाईवे बंद होने पर जगह-जगह 1,000 से अधिक तीर्थयात्री फंसे हुए हैं।
हिमाचल प्रदेश में जून से अब तक बादल फटने की 35 के करीब घटनाएं हुई हैं। बीते 24 दिनों में 27 बार बादल फट चुके हैं। बाढ़ से 158 लोगों की मौत हुई है। 606 घर ढह गए और 5,363 घर क्षतिग्रस्त हुए हैं।
वहीं, दिल्ली में फिर बाढ़ जैसे हालात बन रहे हैं। यमुना अब भी खतरे के निशान से ऊपर है। मंगलवार सुबह जलस्तर 205.45 दर्ज किया गया। आज यहां बारिश की भी संभावना है।
अब जानिए देश के मौसम का हाल…
अगले 24 घंटे कैसे रहेंगे…
इन राज्यों में तेज बारिश होगी: हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, राजस्थान, महाराष्ट्र, गोवा, कर्नाटक, केरल, तमिलनाडु, आंध्र प्रदेश, तेलंगाना, ओडिशा, छत्तीसगढ़, असम, मेघालय, अरुणाचल प्रदेश।
इन राज्यों में हल्की बारिश होगी: मध्य प्रदेश में बिजली चमकने के साथ हल्की बारिश हो सकती है।
अलग-अलग राज्यों से मानसून की तस्वीरें…
दिल्ली के लोहा पुल की तस्वीर। यहां मंगलवार सुबह 6:30 बजे पानी का स्तर 205.45 मापा गया।
उत्तर प्रदेश के नोएडा में सुबह हल्की बारिश हुई।
दिल्ली के निचले इलाकों में पानी भर गया, वहां फंसे लोगों को बाहर निकाला जा रहा है।
लगातार बारिश के चलते उत्तराखंड के हरिद्वार में गंगा नदी का जलस्तर भी बढ़ रहा है।
उत्तराखंड के चमोली में नंदप्रयाग और पुरसरी के पास बद्रनाथ नेशनल हाईवे पर लैंडस्लाइड हो गया।
तमिलनाडु की राजधानी चेन्नई में सोमवार शाम तेज बारिश हुई।
बाकी राज्यों का हाल जान लीजिए…
मध्यप्रदेश: 2-3 दिन बारिश की एक्टिविटी कम; हरदा, बुरहानपुर-देवास में तेज बारिश
तस्वीर भोपाल के बड़े तालाब की है। यहां जलस्तर ज्यादा होने के चलते सैलानी बोटिंग का लुत्फ उठाने में संकोच कर रहे हैं।
मध्यप्रदेश में अगले 2 से 3 दिन तक बारिश की एक्टिविटी कम रहेगी। कुछ जिलों में नमी की वजह से तेज बारिश जरूर हो सकती है। वहीं, मंगलवार को हरदा, बुरहानपुर और देवास में तेज बारिश होने का अनुमान है। बाकी जगहों पर मौसम खुला रहेगा।
हिमाचल प्रदेश: आपदा से हजारों लोग बेघर; 606 मकान ध्वस्त, 44 मौतें
मौसम विभाग ने अगले 4 दिन के तेज बारिश का यलो अलर्ट जारी किया है।
हिमाचल में 24 जून से अब तक फ्लैश फ्लड व लैंड स्लाइड की चपेट में आने से 44 लोगों की जान जा चुकी है। कुल्लू और मंडी जिले में सबसे ज्यादा तबाही मची है। प्रदेश में 5116 करोड़ रुपए की निजी व सरकारी संपत्ति बारिश की भेंट चढ़ चुकी है। प्रदेश में 606 घर पूरी तरह जमींदोज हो गए
हरियाणा: मानसून कल से फिर एक्टिव होगा, 9 जिलों में बारिश का ऑरेंज और 7 जिलों में यलो अलर्ट
हरियाणा में 26 जुलाई को 9 जिलों में भारी बारिश होने का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।
राज्य में कल से फिर मानसून एक्टिव होगा, जिसको देखते हुए 9 जिलों में भारी बारिश होने की चेतावनी जारी की गई है। सूबे में बाढ़ से प्रभावित गांवों की संख्या 1,465 पहुंच गई है। अब तक बाढ़ से 40 की मौत हो चुकी है। 6 लोग घायल हुए और 2 लापता हैं।
छत्तीसगढ़: भारी बारिश का अलर्ट, कई जिलों में जमकर बरसेंगे बादल
राजधानी रायपुर में सोमवार दोपहर कई जगहों में तेज बारिश हुई, बारिश के बीच राहगीरों का आना-जाना चलता रहा।
छत्तीसगढ़ के बस्तर संभाग के कई जिलों में आज भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। जबकि उत्तर छत्तीसगढ़, यानी सरगुजा संभाग के लिए हल्की से मध्यम बारिश की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग से मिली जानकारी के मुताबिक नारायणपुर, बीजापुर, दंतेवाड़ा, सुकमा और बस्तर जिले में अधिकांश जगहों पर भारी बारिश हो सकती है।