IRCTC Tour Package: आईआरसीटीसी दे रहा है मात्र 15 हजार में गुजरात घूमने का मौका, जानें कैसे कराएं बुकिंग
July 11, 2023
नारनौल में रोड एक्सीडेंट में युवक की मौत:साथी के साथ बाइक पर गांव जा रहा था; ट्राले ने मारी टक्कर
July 12, 2023

हरियाणा में बारिश से 7 जिलों में हालात बिगड़े:अंबाला में रेलवे ट्रैक से जमीन खिसकी; सोनीपत में ऊफनाई यमुना, 25 गांवों पर खतरा

हरियाणा में तीन दिनों तक हुई आफत की बारिश से 7 जिलों में हालात खराब हो गए हैं। अंबाला में बाढ़ ने रेलवे लाइनों को भी नुकसान पहुंचाया है। बारिश के कारण विश्व धरोहर कालका-शिमला रेल सेक्शन पूरी तरह से प्रभावित है। रेल मार्ग पर पेड़ और मलबा गिरा हुआ है, जिसके बाद इस रूट पर 16 जुलाई तक कोई ट्रेन नहीं चलेगी। उधर, अंबाला-न्यू सहारनपुर रूट पर घसीटपुर के पास रेलवे लाइन के नीचे से जमीन खिसक गई है।

करनाल के इंद्री ब्लॉक में गढ़पुर टापू का यमुना बांध अब तक ठीक नहीं हुआ था कि मंगलवार देर रात करीब 1 बजे गांव समसपुर के पास एक और बांध टूट गया। इस बांध के टूटने से कई और गांवों में पानी पहुंच गया है। यमुना से सटे करीब 36 गांव बाढ़ की चपेट में आ चुके हैं। नावों से लोगों तक राहत सामग्री भेजी जा रही है।

सोनीपत में यमुना नदी में जलस्तर काफी बढ़ गया है। नदी के किनारे बसे 25 गांवों पर खतरा मंडराने लगा है।

सोनीपत में यमुना नदी में जलस्तर काफी बढ़ गया है। नदी के किनारे बसे 25 गांवों पर खतरा मंडराने लगा है।

सोनीपत में ऊफनाई यमुना, 25 गांवों पर खतरा

हरियाणा के सोनीपत में यमुना का पानी खतरे के निशान से उपर पहुंच गया है। पानी अब यमुना किनारे खेतों में खड़ी फसलों में पहुंचना शुरू हो गया है। बाढ़ के हालात बनने से रोकने के लिए प्रशासन की ओर से पुख्ता तैयारी का दावा किया गया है, लेकिन किसान अपनी फसलों में पानी से नुकसान की संभावना देख कर सहमे हुए हैं। यमुना के पानी में फंसे एक व्यक्ति को मंगलवार को जहां सुरक्षित निकाला गया, वहीं एक चरवाहे की मौत भी हो चुकी है। आज पानी का लेवल और ज्यादा बढ़ने के आसार हैं।

बताया गया है कि सोनीपत में यमुना नदी में लगातार बढ़ रहे पानी को लेकर बुधवार का दिन काफी अहम है। हथिनी कुंड बैराज से छोड़ा गया पानी आज यहां पूरी गति व क्षमता से पहुंच जाएगा। फिलहाल सुबह से ही यमुना खतरे के निशान से उपर बह रही है। यहां यमुना में खतरे का लेवल 217 मीटर पर है।

करनाल में घरों में घुसा यमुना का पानी।

करनाल में घरों में घुसा यमुना का पानी।

वहीं पंचकूला, अंबाला, यमुनानगर, करनाल, कुरूक्षेत्र, कैथल और पानीपत जिलों के 239 गांव ऐसे हैं, जहां अभी भी बारिश का पानी भरा हुआ है। यहां 1857 लोग फंसे हुए हैं, हालांकि NDRF-SDRF ने मोर्चा संभाला हुआ है।

पानीपत और अंबाला में हालातों को काबू करने के लिए केंद्र सरकार की और से मदद दी जा रही है। इसके अलावा इन जिलों में पहले से NDRF के जवान राहत एवं बचाव कार्य में लगे हुए हैं।

मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्‌टर आज पानीपत और अंबाला दौरा पर रहेंगे। पानीपत में इंडियन ऑयल पानीपत रिफाइनरी के रजत जयंती समारोह में बतौर मुख्य अतिथि भाग लेंगे। वहीं अंबाला में औसत से अधिक बारिश के चलते पैदा हुए हालातों की जिला प्रशासन के साथ समीक्षा भी करेंगे।

अंबाला में बाढ़ग्रस्त इलाकों में ट्रैक्टर लेकर पहुंचे डिप्टी सीएम। उन्होंने ग्रामीणों से हालात की जानकारी ली और हर संभव मदद देने का आश्वासन दिया।

अंबाला में बाढ़ग्रस्त इलाकों में ट्रैक्टर लेकर पहुंचे डिप्टी सीएम। उन्होंने ग्रामीणों से हालात की जानकारी ली और हर संभव मदद देने का आश्वासन दिया।

ट्रैक्टर से अंबाला निकले डिप्टी सीएम

हरियाणा के डिप्टी CM दुष्यंत चौटाला अंबाला के बाढ़ग्रस्त गांवों का जायजा लेने ट्रैक्टर से पहुंचे। जहां उन्होंने आर्मी और NDRF से हालात की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि जहां नाव से जाना संभव नहीं, वहां हेलिकॉप्टर से राशन व जरुरी सामान घरों की छतों तक पहुंचाया जाएगा। उन्होंने प्रशासनिक अधिकारियों को मौके पर बुलाकर दिए कड़े निर्देश, लापरवाही बरतने वालों को माफ नहीं किया जाएगा। उन्होंने अधिकारियों को कहा कि बुजुर्गों, बच्चों और महिलाओं पर विशेष ध्यान दिया जाए।

इसके साथ ही जिन-जिन गांवों में पानी भरा हुआ है, वहां 24 घंटे मॉनिटरिंग की जाए। सूखा राशन, टेंट, सोलर लाइट और अन्य जरुरी सामान तुरंत मुहैया करवाने के निर्देश दिए।

हरियाणा में 59 हजार हेक्टेयर धान की फसल को नुकसान होने का सरकार ने दावा किया है।

हरियाणा में 59 हजार हेक्टेयर धान की फसल को नुकसान होने का सरकार ने दावा किया है।

हरियाणा मौसम पूर्वानुमान
मानसून दक्षिण पूर्व की तरफ बने होने के कारण मानसून की सक्रियता हरियाणा में अगले तीन दिन 14 जुलाई तक कम रहने की संभावना है। राज्य के उत्तरी जिले पंचकूला, अंबाला, यमुनानगर, कुरुक्षेत्र, कैथल, करनाल तथा दक्षिण-दक्षिण पूर्व जिलों महेंद्रगढ़, रेवाड़ी, झज्जर, गुरुग्राम, नूंह, पलवल, फरीदाबाद, रोहतक, सोनीपत, पानीपत जिलों में कहीं-कहीं हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है।

इस दौरान पश्चिमी व दक्षिण पश्चिमी हरियाणा के जिलों सिरसा, फतेहाबाद, हिसार, जींद, भिवानी, चरखी दादरी में मौसम आमतौर पर परिवर्तनशील तथा कुछ एक स्थानों पर बूंदाबांदी या हल्की बारिश होने की संभावना है। 15 जुलाई से एक बार फिर से राज्य में मानसून की सक्रियता बढ़ने की संभावना है।

अब तक 7 की मौत, 1 व्यक्ति लापता
अब तक बारिश से राज्य में 7 लोगों की मौत होने का सरकार की और से दावा किया गया है। एक व्यक्ति के लापता होने की सूचना मिली है। 4 मकान क्षतिग्रस्त होने के साथ ही 5 मवेशियों की मौत होने की जानकारी मिली है। राज्य के कुछ जिलों में 24 घंटे में 306MM रिकॉर्ड बारिश हुई। वैसे इन दिनों सामान्य 6.6MM बारिश होती है, लेकिन वास्तव में 26.8MM रिकॉर्ड की गई।

अंबाला में 76 गांव का जिला मुख्यालय से संपर्क कटा
अंबाला जिले के कुछ गांव अब भी बाढ़ की चपेट में हैं। करीब 76 गांवों का संपर्क जिला मुख्यालय से कटा है। बारिश के पानी में डूबने से अंबाला में दो लोगों की मौत हो गई है। घरों में पानी भरने के बाद लोगों ने छत पर शरण ले रखी है, अब वह सुरक्षित स्थानों की और पलायन कर रहे हैं।

यमुनानगर के 30 से ज्यादा गांवों में बाढ़ का पानी घुस गया है और 20 से ज्यादा गांव पर बाढ़ का खतरा बना हुआ है। प्रतापनगर और छछरौली क्षेत्र में दो जगह सड़क टूट चुकी है। इसके चलते 20 से 30 गांवों का संपर्क टूट गया है।

हिमाचल में फंसे हरियाणा के 100 लोग
जानकारी के मुताबिक हरियाणा के 100 लोग हिमाचल प्रदेश में फंसे हैं। इनमें रेवाड़ी के गांव पदैयावास और घुड़कावास के चार युवा मनाली के कसोल में घूमने गए थे। जहां वह फंसे हुए हैं।सोनीपत से हिमाचल घूमने गया स्प्रेड स्माइल फाउंडेशन के 18 सदस्यों का दल कसोला के पास बरसानी में फंस गया है। इसमें बच्चे, युवा व बुजुर्ग भी शामिल हैं। रोहतक के महर्षि दयानंद यूनिवर्सिटी के 70 स्टूडेंट्स सोलंग में फंस गए हैं।

स्टूडेंट्स का यह दल एडवेंचर कैंप के लिए गया था। भिवानी जिले के बवानीखेड़ा से विधायक बिशंबर वाल्मीकि, उनके पीएसओ, चालक व पीए के अलावा गांव बलियाली के सरपंच सचिन सरदाना का परिवार अब सुरक्षित जगह पर पहुंच गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Updates COVID-19 CASES