हरियाणा के रेवाड़ी शहर स्थित नगर परिषद कार्यालय में बुधवार की सुबह मुख्यमंत्री उड़नदस्ता (CM फ्लाइंग) की टीम ने रेड की। इस दौरान कार्यालय के अंदर काफी कर्मचारी सीट से नदारद मिले। हाजिरी रजिस्टर चेक करने पर कई कर्मचारी गैर हाजिर पाए गए है। उनकी सूची बनाकर मुख्यालय को भेजी जाएगी।
नगर परिषद के एक-एक कमरे को चैक करते हुए सीएम फ्लाइंग के कर्मचारी।
अचानक मारा छापा
दरअसल, सीएम फ्लाइंग को लगातार सूचना मिल रही थी कि रेवाड़ी नगर परिषद कार्यालय में अधिकारी और कर्मचारी सुबह के वक्त ड्यूटी पर टाइम पर नहीं पहुंचते। बुधवार की सुबह सीएम फ्लाइंग की एक टीम नगर परिषद कार्यालय पहुंची। टीम ने एक-एक कमरे में जाकर जांच की तो कई जगह कर्मचारियों की कुर्सियां खाली मिली। इसके बाद मौके पर वीडियोग्राफी कराई गई और हाजिरी रजिस्टर चेक किया।
गैर हाजिर मिले कर्मचारियों की सूची बनाते हुए।
गैर हाजिर कर्मचारियों की बनाई सूची
सीएम फ्लाइंग ने गैर हाजिर मिले अधिकारी और कर्मचारियों की सूची बनाई है। इस सूची को आगामी कार्रवाई के लिए मुख्यालय को भेजा जाएगा। सीएम फ्लाइंग की अचानक हुई कार्रवाई के बाद नगर परिषद ही नहीं, बल्कि दूसरे सरकारी कार्यालयों में भी हड़कंप मच गया। बता दें कि रेवाड़ी नगर परिषद में करीब 40 कर्मचारी और अधिकारी तैनात है। इनमें काफी संख्या में छापेमारी के दौरान अपनी सीट पर नहीं मिले।
नगर परिषद के अधिकारियों से जानकारी जुटाते हुए सीएम फ्लाइंग के अधिकारी।