हरियाणा में रात के तापमान ने रिकॉर्ड तोड़ दिया है। IMD ने न्यूनतम तापमान के जो आंकड़े जारी किए हैं, उन पर गौर करें तो पानीपत में बीती रात न्यूनतम तापमान 38.4 डिग्री सेल्सियस रहा। अगर आंकड़ों में किसी प्रकार की गड़बड़ नहीं हुई है तो आज से पहले रात को पारा शायद ही इस आंकड़े तक पहुंचा हो। रविवार को प्रदेश में अधिकतम तापमान सबसे ज्यादा बालसमंद में 38.8 डिग्री रहा था। यानी की प्रदेश में दिन और रात का तापमान एक समान रहा।
मानसून ने पूरे प्रदेश को कवर कर लिया है। आसार अच्छी बारिश के हैं, लेकिन बादल खुल कर बरस नहीं रहे हैं। लोगों को उमस भरी गर्मी झेलनी पड़ रही है। न्यूनतम तापमान में आज 1.3 डिग्री तक की बढ़ोतरी दर्ज की गई है। पंचकूला में सबसे कम 25.2 डिग्री तापमान रात को रहा। लेकिन पानीपत में न्यूनतम तापमान चौंकाने वाला रहा। यह अधिकतम जिलों से 10 डिग्री से भी ज्यादा रहा। यहां रात भी दिन की तरह तपी है।
कई जिलों में 2 डिग्री बढ़ा पारा
अंबाला और करनाल में तो रात का तापमान समान्य से 2 डिग्री ज्यादा चल रहा है। वहीं कई जिलों में न्यूनतम तापमान में 2 डिग्री से ज्यादा की बढ़ोतरी हुई है। शनिवार की रात को पंचकूला और गुरुग्राम का न्यूनतम तापमान एक समान 24.5 डिग्री रहा था। आज रात का पारा गुरुग्राम में जहां 27.2 डिग्री रहा, वहीं पंचकूला में 25.2 डिग्री रहा।
रविवार रात को जिलावार न्यूनतम पारा इस प्रकार रहा।
8 स्थानों पर रात का पारा 28 डिग्री से उपर
आज 8 सेंटरों पानीपत, अंबाला, कुरुक्षेत्र, करनाल, जींद, बालसमंद, हिसार व फतेहाबाद में न्यूनतम तापमान 28 डिग्री से उपर रहा। पंचकूला, मेवात व गुरुग्राम ही ऐसे सेंटर रहे, जहां तापमान 26 डिग्री से नीचे रहा। यानी की रात को लोगों ने जबरदस्त गर्मी का सामना करना पड़ा है। मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि फिलहाल तापमान में बड़े बदलाव के कोई संकेत नहीं मिल रहे हैं। अच्छी बारिश के बाद ही रात व दिन के तापमान में राहत मिलेगी।
कल कहीं बारिश नहीं
हरियाणा में पिछले 24 घंटों में मानसून तो पूरे प्रदेश में छा गया, लेकिन बारिश नाममात्र की हुई है। 24 घंटे के दौरान प्रदेश में महेंद्रगढ़ में 0.5 एमएम, पंचकूला में 4 एमएम और डबवाली में 1 एमएम बारिश दर्ज हुई है। यानी कि पूरा प्रदेश लगभग सूखा रहा।
सुबह नारनौल-यमुनानगर में मौसम खराब
मौसम विभाग ने आज सुबह नारनौल और यमुनानगर में हल्की बारिश की संभावना जताई थी। लेकिन वहां कुछेक क्षेत्रों में बूंदाबांदी के बाद मौसम साफ हो गया। आसमान पर हल्के बादल हैं, लेकिन बारिश के आसार नहीं हैं। प्रदेश मं 5 जुलाई की रात से अच्छी बारिश की शुरुआत होगी। लोगों को तग तक उमस भरी गर्मी का सामना करना पड़ेगा।