हरियाणा की पूर्व शिक्षा मंत्री और झज्जर से विधायक गीता भुक्कल ने कुलदीप बिश्नोई पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि वे वैसे तो अमित शाह से बार-बार मिलते रहते हैं और कई मांगे उठाते रहते हैं। कुलदीप बिश्नोई पहले कांग्रेस में थे फिर उन्होंने अपनी पार्टी बना ली। इसके बाद वापस कांग्रेस में आ गए और फिर भाजपा में चले गए। अगर उन्हें प्रदेश के लिए काम करना है तो वह पहले रुकना सीखें।
कांग्रेस चुनाव के लिए तैयार
प्रदेश में हो रही BJP की रैलियों को लेकर उन्होंने कहा कि भाजपा ने तो कुछ दिन पहले ही लोकसभा चुनाव की तैयारी शुरू की है, लेकिन कांग्रेस ने तो बहुत पहले से ही तैयारी शुरू कर दी हैं। हरियाणा कांग्रेस विपक्ष आपके समक्ष कार्यक्रम चला रही है, जिसे भारी जनसमर्थन मिल रहा है इससे पहले राहुल गांधी पूरे देश में भारत जोड़ो यात्रा कर चुके हैं। कांग्रेस ने हिमाचल और कर्नाटक में अपनी सरकार बनाई।
किरण चौधरी को दी नसीहत
किरण चौधरी के बैठकों में नहीं बुलाने की बात पर उन्होंने कहा कि नेता प्रतिपक्ष भूपेंद्र सिंह हुड्डा हर बैठक में सभी विधायकों को न्योता देते हैं। चाहे वह फोन करें या वह मैसेज करें। अगर वह फोन नहीं कर पाए तब भी विधायकों को मैसेज देखकर बैठक में आना चाहिए। क्योंकि यह पार्टी और प्रदेश की जिम्मेदारी का मामला है और सभी को अपनी जिम्मेदारी निभानी चाहिए इस तरह आरोप नहीं लगाने चाहिए।
हरियाणा के लिए घोषणाएं नहीं कर रहे मंत्री
भाजपा पर निशाना साधते हुए गीता भुक्कल ने कहा कि भाजपा अपने राष्ट्रीय नेताओं को हरियाणा में रैली करने के लिए बुला रही है। लेकिन भाजपा यह तो बताए जितने भी नेता यहां आए हैं उन्होंने हरियाणा के लिए क्या बड़ी घोषणाएं की। केंद्रीय गृह मंत्री भी हरियाणा आए थे, लेकिन हरियाणा के लिए एक भी घोषणा नहीं की।