एक्टर आयुष शर्मा का कहना है उन्होंने सलमान खान की बहन अर्पिता से पैसों और फेम के लिए शादी नहीं की। आयुष ने कहा कि वे अर्पिता से प्यार करते थे, इसी वजह से उनसे शादी की।
आयुष का कहना है कि उन्हें इस बात का दुख होता है जब लोग कहते हैं कि उन्होंने एक्टर बनने के लिए सलमान खान से रिश्ता जोड़ा है। एक्टर का कहना है कि सच्चाई क्या है, वो अर्पिता और उनकी फैमिली को पता है। इसलिए ऐसी ट्रोलिंग का कोई मतलब नहीं है।
आयुष ने कहा- लोगों को लगता है कि मैं सलमान खान के पैसे उड़ा रहा हूं
आयुष ने बॉम्बे टाइम्स के साथ बात करते हुए कहा, ‘जब भी मैं हॉलिडे पर जाता हूं तो लोग मुझे ट्रोल करने लगते हैं। ट्रोलर्स कहते हैं कि मैं सलमान खान के पैसे उड़ा रहा हूं। यहां तक कि ऐसी भी कहानियां हैं कि सलमान खान ने हमें शादी पर रोल्स रॉयस कार गिफ्ट की है। मैं अभी भी सोचता हूं कि वो रोल्स रॉयस कहां है।’
आयुष ने उन सभी अफवाहों को खारिज किया, जिसमें हमेशा से कहा जाता है कि उन्हें शादी के बाद सलमान की तरफ से उन्हें महंगे-महंगे गिफ्ट्स मिले थे।
अर्पिता मुंबई के खार स्थित घर में अपने पति आयुष शर्मा और अपने दो बच्चोंं के साथ रहती हैं।
‘अर्पिता से प्यार करता था, इसलिए शादी की’
आयुष ने अपनी वाइफ अर्पिता के बारे में भी बात की। उन्होंने कहा, ‘अर्पिता एक हिम्मती और साहसी महिला है। उसे एक पार्टनर के रूप में पाना मेरे लिए एक सौभाग्य की बात है। उसे ये स्वीकार करने में दिक्कत नहीं है कि वो कौन है। वो ट्रोलिंग से बहुत ज्यादा परेशान नहीं होती क्योंकि वो फिल्मी बैकग्राउंड से आती है और उसने ये सब देखा हुआ है। मैं उससे प्यार करता था, इसलिए उससे शादी की।
अर्पिता और आयुष की शादी हैदराबाद के होटल फलकनुमा में 18 नवंबर 2014 में हुई थी। इस शादी की बागडोर खुद सलमान ने संभाली थी। शादी के बाद मुंबई में एक ग्रैंड रिसेप्शन पार्टी भी रखी गई थी।
सलमान ने अर्पिता की शादी बड़े धूम-धाम से की थी। इस शादी में आमिर खान, कटरीना कैफ, सोनाक्षी सिन्हा और मीका सिंह सहित कई सितारे पहुंचे थे।
सलीम खान की गोद ली हुई बेटी हैं अर्पिता, सलमान सगी बहन से ज्यादा प्यार करते हैं
अर्पिता सलीम खान की गोद ली हुई बेटी हैं। वह खान परिवार में तब आई, जब सलीम खान ने हेलन के साथ दूसरी शादी की थी। हेलन और सलीम खान की कोई संतान नहीं हुई, इसलिए उन्होंने अर्पिता को बचपन में गोद ले लिया था। तब से वे खान परिवार की सदस्य हैं।
खान परिवार के सभी लोग उन्हें काफी प्यार करते हैं। खास तौर पर सलमान उन्हें बेहद प्यार करते हैं। सलमान का मशहूर पनवेल फॉर्म हाउस भी उन्होंने अर्पिता के नाम पर रखा है। सलमान की सगी बहन अलवीरा भी अर्पिता से काफी ज्यादा प्यार करती हैं।
खान परिवार की चहेती हैं अर्पिता।
पॉलिटिकल बैकग्राउंड से आते हैं आयुष
आयुष शर्मा का परिवार हिमाचल प्रदेश के मंडी शहर का रहने वाला है। उनके पिता अनिल शर्मा राजनीति से ताल्लुक रखते हैं और वो हिमाचल प्रदेश में मंत्री रहे हैं। इतना ही नहीं आयुष के दादा सुखराम शर्मा राजनीति हिमाचल प्रदेश की राजनीति में बहुत बड़ा नाम थे। सुखराम पांच बार विधायक और तीन बार सांसद रहे थे।