टेस्ला के फाउंडर एलन मस्क ने फ्रांस के बर्नार्ड अरनॉल्ट को पीछे छोड़कर दुनिया के सबसे अमीर व्यक्ति की पोजिशन फिर से हासिल कर ली है। बीते 5 दिनों में टेस्ला का शेयर 12.04% बढ़कर 203.93 डॉलर पर पहुंच गया है जिस कारण मस्क की नेटवर्थ बढ़ी है।
ब्लूमबर्ग बिलेनियर्स इंडेक्स के अनुसार मस्क की कुल नेटवर्थ 192 बिलियन डॉलर (करीब 15.85 लाख करोड़ रुपए) हो गई है। वहीं दुनिया के सबसे बड़े फैशन ग्रुप लुई वितॉ मोएट हेनेसी (LVMH) के CEO बर्नार्ड अरनॉल्ट की नेटवर्थ 187 बिलियन डॉलर (करीब 15.43 लाख करोड़ रुपए) है। अमेजन के मालिक जेफ बेजोस 144 बिलियन डॉलर (करीब 11.88 लाख करोड़ रुपए) नेटवर्थ के साथ तीसरे नंबर पर हैं।
ये है दुनिया के टॉप 5 अमीर लोग
नाम | नेटवर्थ |
एलन मस्क | 15.85 लाख करोड़ रुपए |
बर्नार्ड अरनॉल्ट | 15.43 लाख करोड़ रुपए |
जेफ बेजोस | 11.88 लाख करोड़ रुपए |
बिल गेट्स | 10.31 लाख करोड़ रुपए |
वॉरन बफे | 9.73 लाख करोड़ रुपए |
2021 में मस्क की नेटवर्थ 27.95 लाख करोड़ रुपए थी
टेस्ला के शेयरों में तेजी के बाद नवंबर 2021 में मस्क दुनिया के सबसे अमीर कारोबारी बने थे। उन्होंने अमेजन के फाउंडर जेफ बेजोस को पछाड़कर ये मुकाम हासिल किया था। 5 नवंबर 2021 को मस्क की नेटवर्थ 338 बिलियन डॉलर (करीब 27.95 लाख करोड़ रुपए) पर पहुंच गई थी। तब टेस्ला के एक शेयर की कीमत 400 डॉलर से ज्यादा थी।
टॉप 10 में एक भी भारतीय नहीं
ब्लूमबर्ग बिलेनियर्स इंडेक्स के टॉप 10 में एक भी भारतीय नहीं है। इस लिस्ट में रिलायंस इंडस्ट्रीज के चेयरमैन मुकेश अंबानी 84.7 बिलियन डॉलर (6.99 लाख करोड़ रुपए) की नेटवर्थ के साथ अंबानी 13वें नंबर पर है। वहीं गौतम अडाणी 61.3 बिलियन डॉलर (करीब 5.05 लाख करोड़ रुपए) की नेटवर्थ के साथ 19वें नंबर पर हैं।