Siachen Tour सियाचिन घूमने का सपना रखने वालों के लिए एक खुशखबरी है। लद्दाख के पर्यटन विभाग ने ऐलान किया है कि भारतीय पर्यटक अब सियाचिन बेस कैंप घूम सकते हैं। लेकिन इसके लिए कुछ अन्य बातों का ध्यान रखना होगा।
नई दिल्ली, लाइफस्टाइल डेस्क। Siachen Tour: हर साल भारी संख्या में लोग कश्मीर और लद्दाख घूमने निकलते हैं। लेकिन कुछ लोग उससे आगे बढ़कर सियाचिन की सैर करने की भी इच्छा रखते हैं, जो अभी तक पूरी नहीं होती थी क्योंकि यहां तक जाने के लिए एक खास तरह के परमिट की जरूरत पड़ती है, जो हर किसी को आसानी से नहीं मिलती। लेकिन अब लद्दाख के पर्यटन विभाग ने ये ऐलान किया है कि भारतीय पर्यटक बिना किसी विशेष परमिट के सियाचिन बेस कैंप के पास ट्रैवेल कर सकते हैं। सियाचिन ग्लेशियर क्षेत्र भारतीय सेना के नियंत्रण में है।
सियाचिन दुनिया के सबसे लंबे ग्लेशियर्स में से एक होने के साथ-साथ भारत और पाकिस्तान के बीच चलने वाले सैन्य संघर्षों के कारण भी मशहूर है क्योंकि ये दुनिया का सबसे ऊंचा युद्धक्षेत्र भी है। वहीं अब सियाचिन ग्लेशियर को टूरिस्ट्स के लिए खोला जा रहा है। इससे पहले दोनों देशों के बीच रहने वाले तनाव को देखते हुए सियाचिन के कुछ क्षेत्रों को टूरिज्म के लिए बंद कर दिया गया था।
सियाचिन बेस कैंप हिमालय के पूर्वी काराकोरम रेंज में सियाचिन ग्लेशियर के बेस पर मौजूद है। 12,000 फीट से लेकर 15,000 फीट तक का क्षेत्र आम लोगों के पर्यटन के लिए खुला है।
सियाचिन बेस कैंप उन सैनिकों के सम्मान में बनाया गया है, जिन्होंने सैन्य अभियानों के दौरान यहां अपनी जान गंवाई थी। यहां एक युद्ध स्मारक भी है, जो उनके बलिदानों की याद दिलाता है। इन वीर जवानों ने ऊंचाई पर रहते हुए मुश्किल भरे हालातों में देश की रक्षा करने के लिए अपनी जान की बाजी लगा दी।
वहीं आम लोगों के टूरिज्म को बढ़ावा देने की बात करें तो, रिपोर्ट्स के मुताबिक, भारतीय टूरिस्ट अब बिना किसी विशेष परमिशन या अधिकारियों के एनओसी के इस जगह पर घूमने आ सकते हैं। हालांकि, जिला प्रशासन इन टूरिस्ट्स से पर्यावरण शुल्क लेगा।
नुब्रा घाटी में स्थित, सियाचिन बेस कैंप सबसे दिलचस्प पर्यटन स्थलों में से एक है, जिसे सियाचिन टूर के दौरान जरूर देखना चाहिए। लेकिन यहां आने के लिए आपको जिस बात का सबसे ज्यादा ध्यान रखना है, वो है यहां का टेम्परेचर। इस जगह का तापमान -60 डिग्री सेल्सियस या फिर उससे भी नीचे तक चला जाता है। इसलिए यहां आने का प्लान बनाने से पहले अपनी सेहत के बारे में जरूर सोच लें और ज्यादा से ज्यादा गर्म कपड़े रखें।