हम अक्सर फिल्मों के बजट के बारे में बात करते हैं लेकिन आज के समय में OTT शोज का भी बजट फिल्मों से कम नहीं रहा है। OTT शोज की पॉपुलैरिटी डेली बेस पर बढ़ रही है। इन शोज में भी मेकर्स काफी ज्यादा पैसे इन्वेस्ट कर रहे हैं। अगर नजर डालें सबसे ज्यादा बजट में बनने वाले वेब सीरीज की तो इसमें मेड इन हेवेन, मिर्जापुर 2 और द फैमिली मैन जैसे शोज शामिल हैं।
मेड इन हेवेन
ईटाइम्स की रिपोर्ट की माने तो सबसे ज्यादा बजट में अमेजन प्राइम पर स्ट्रीम होने वाली सीरीज मेड इन हेवेन बनी थी। इसे बनाने में तकरीबन 100 करोड़ का भारी-भरकम बजट आया था। शोभिता धूलिपाला और विक्रांत मैसी स्टारर इस सीरीज को IMDB पर भी काफी अच्छी रेटिंग मिली थी।
सेक्रेड गेम्स 2
अनुराग कश्यप और विक्रमादित्य मोटवानी की सेक्रेड गेम्स को कौन भूल सकता है। नेटफ्लिक्स पर स्ट्रीम होने वाली इस सीरीज के पहले सीजन को बनाने में 40 करोड़ का बजट आया था। नवाजुद्दीन सिद्दीकी और सैफ अली खान स्टारर इस शो के दूसरे सीजन के बजट को लगभग दो गुना बढ़ा दिया गया। सेकेंड सीजन को बनाने में मेकर्स ने तकरीबन 100 करोड़ रुपए खर्च कर डाले थे।
मिर्जापुर 2
गुड्डू पंडित, मुन्ना भइया और कालीन त्रिपाठी के किरदार को कौन भूल सकता है। अमेजन प्राइम पर स्ट्रीम होने वाली इस सीरीज को बहुत पॉपुलैरिटी बटोरी थी। इसके दूसरे सीजन को बनाने में लगभग 60 करोड़ का खर्चा आया था। अब इसके तीसरे सीजन की शूटिंग चल रही है।
द फैमिली मैन
डायरेक्टर राज और डीके हमेशा कुछ नया दिखाने के लिए जाने जाते हैं। द फैमिली मैन के साथ उन्होंने OTT पर डेब्यू किया था। इस सीरीज को काफी पसंद किया गया था। द फैमिली मैन के दोनों सीजन को बनाने में 100 करोड़ का खर्चा आया था। पहले सीजन को लगभग 50 करोड़ में बनाया गया था, वहीं दूसरे सीजन के लिए भी लगभग उतना ही पैसा खर्च किया गया था।
24
अनिल कपूर के इस शो की भले ही उतनी कोई चर्चा न हो लेकिन इसे बनाने में लगभग 100 करोड़ का खर्च आया था। शो की कहानी एक जासूस पर बेस्ड थी जिसे 24 घंटे में एक अपराधी को पकड़ना रहता है।
कोरोना के बाद OTT प्लेटफॉर्म्स की संख्या बढ़ी
एंटरटेनमेंट सेक्टर देश में तेजी से बढ़ रहा है। इस साल तक OTT इंडस्ट्री में 45% ग्रोथ की संभावना है। कोरोना ने इस संभावना को दोगुना कर दिया। भारत में करीब एक से डेढ़ साल पहले 40 OTT प्लेटफॉर्म थे, लेकिन अब इनकी संख्या दोगुनी होकर 80 से भी ज्यादा हो गई है।
सेंसरशिप न होने से मेकर्स को कुछ भी दिखाने की आजादी
OTT को लेकर ये भी बात सामने आती है कि सेंसरशिप न होने की वजह से शोज के मेकर्स कुछ भी दिखा देते हैं। कई संस्था और संगठन इसे लेकर शिकायत भी करते हैं। OTT पर बढ़ते अश्लील कंटेंट की शिकायत पर सरकार भी गंभीर है। सूचना प्रसारण मंत्री अनुराग सिंह ठाकुर ने कुछ वक्त पहले कहा था क्रिएटिविटी के नाम पर गाली-गलौज, असभ्यता बर्दाश्त नहीं की जा सकती।
सलमान खान ने भी हाल ही में ये मुद्दा उछाला था। उनका भी यही कहना है कि भारत जैसे देश में आप इतना वल्गर कंटेंट नहीं दिखा सकते।