देश में रोजाना सामने आ रहे कोरोना केसों में 38.2% केस XBB.1.16 ओमिक्रॉन वैरिएंट की वजह से हैं। यह खुलासा जीनोम सीक्वेंसिंग पर नजर रखने वाली कमेटी INSACOG ने किया है। ये वैरिएंट XBB.1 वैरिएंट की तुलना में 1.27 गुना और XBB.1.5 वैरिएंट की तुलना में 1.17 गुना ज्यादा तेजी से इंसानों में फैलता है। इस वैरिएंट में कई तरह की एंटी-सार्स एंटीबॉडीज के प्रति प्रतिरोधक क्षमता है। हालिया स्टडी में यह बात सामने आई है।
आशंका जताई जा रही है कि जल्द ही XBB.1.16 ओमिक्रॉन वैरिएंट पूरी दुनिया में फैल जाएगा। 22 मार्च को ये वैरिएंट कई देशों में सामने आया था। तब से ही WHO इसकी निगरानी कर रहा है।
केस बढ़ रहे, लेकिन घबराने की जरूरत नहीं- विशेषज्ञ
कोरोना विशेषज्ञ का कहना है कि कोरोना केस बढ़ रहे हैं, लेकिन घबारने की जरूरत नहीं है। देश में ज्यादातर लोगों में हाइब्रिड इम्युनिटी आ चुकी है। यानी वैक्सीनेशन और प्राकृतिक संक्रमण से मिली इम्युनिटी। यही हाइब्रिड इम्युनिटी लोगों को गंभीर बीमार होने और अस्पताल में भर्ती होने से बचा रही है। देश की आबादी को वैक्सीन लग चुकी है। बाकी आबादी को इन वैक्सीन लगे लोगों से सुरक्षा मिल रही है। यही वैक्सीन ओमिक्रॉन के छह सब वैरिएंट का मुकाबला कर रही है। इनमें XBB.1.16 भी शामिल है।
महाराष्ट्र में 926 और दिल्ली में 733 नए मामले मिले
राजधानी दिल्ली में शुक्रवार को 733 नए कोरोना मरीज सामने आए। इस दौरान 460 मरीज कोरोना से ठीक हो गए। फिलहाल, राजधानी में कोरोना के 2,331 एक्टिव मामले हैं। उधर, महाराष्ट्र में शुक्रवार को कोरोना के 926 नए मामले सामने आए और तीन लोगों की मौत हो गई। महाराष्ट्र में इस साल में पहली बार एक दिन में इतने मामले सामने आए हैं। फिलहाल, राज्य में एक्टिव मामलों की संख्या 4,487 पर पहुंच गई है। महाराष्ट्र के 10 से ज्यादा जिलों में पॉजिटिविटी रेट 10% से ज्यादा है।
इससे पहले गुरुवार को देश में 6050 कोरोना मामले मिले थे। 7 महीने बाद देश में एक दिन में मिले कोरोना मामलों की संख्या 6 हजार के पार गई थी।
कोरोना के ये आंकड़े गुरुवार तक के हैं।
केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री ने टेस्टिंग बढ़ाने को कहा
केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री मनसुख मांडविया ने शुक्रवार को राज्यों-केंद्र शासित प्रदेशों के साथ रिव्यू मीटिंग की। मांडविया ने राज्यों के स्वास्थ्य मंत्रियों से 10 और 11 अप्रैल को सभी अस्पतालों का दौरा कर मॉक ड्रिल का रिव्यू करने काे कहा है।
मांडविया ने कहा- हमने कोरोना की वर्तमान स्थिति की समीक्षा की है। राज्यों को इमरजेंसी हॉटस्पॉट की पहचान करने, टेस्टिंग, जीनोम सीक्वेंसिंग बढ़ाने और अस्पतालों की बुनियादी सुविधाओं को बेहतर करने का निर्देश दिया गया है। इसके अलावा कोरोना से जुड़े नियमों का सख्ती से पालन करने को कहा गया है।
मांडविया ने कहा-हमें सतर्क रहने की जरूरत है, घबराने की नहीं। वर्तमान में ओमिक्रॉन का सब-वैरिएंट देश में फैल रहा है। इसमें अस्पताल में भर्ती होने की जरूरत नहीं होती है। इससे पहले बुधवार को कोविड इम्पावरमेंट वर्किंग ग्रुप ने भी समीक्षा बैठक की थी।
6 दिनों में मिले 26,523 नए मामले
अप्रैल के शुरूआती 6 दिनों में ही 26,523 नए केस मिले हैं। उधर, मार्च के 31 दिनाें में कोरोना के 31,902 केस सामने आए थे। अगर औसत देखें तो मार्च में रोजाना औसतन 1 हजार नए केस मिले थे, जबकि अप्रैल में रोजाना औसतन 4.4 हजार मामले आ रहे हैं।
टॉप-5 राज्यों में दो-तिहाई नए केस, केरल सबसे आगे
देश में गुरुवार को 6,050 नए कोरोना मरीज मिले थे। इनमें से 4,037 केस सिर्फ 5 राज्यों में मिले थे। स्वास्थ्य मंत्रालय ने इन आंकड़ों को शुक्रवार को जारी किया।
केरल: यहां 1,936 नए केस मिले, जबकि एक व्यक्ति की मौत हुई। 742 लोग ठीक भी हुए। इससे पहले 22 सितंबर को 2300 मामले सामने आए थे।
महाराष्ट्र: यहां बीते दिन 803 नए केस मिले, 687 लोग ठीक हुए जबकि 3 लोगों की मौत हुई। बुधवार को यहां 569 नए केस मिले थे। यहां पॉजिटिविटी रेट 7.05% है।
दिल्ली: यहां बीते दिन 606 नए मामले सामने आए और एक व्यक्ति की मौत हुई,, जबकि 340 लोग इस बीमारी से ठीक हुए। एक्टिव केस 2,060 हो गए हैं। यहां पॉजिटिविटी रेट 16.98% है।
हिमाचल प्रदेश: यहां गुरुवार को 367 नए केस सामने आए, जबकि 1 की मौत हुई है और 138 लोग ठीक हुए। फिलहाल राज्य में 1,933 एक्टिव केस हैं। यहां पॉजिटिविटी रेट 7.31% हो गया है।
गुजरात: यहां 327 नए केस मिले, 1 व्यक्ति की मौत हुई और 360 लोग ठीक हुए। बुधवार को यहां 351 नए केस मिले थे। यहां पॉजिटिविटी रेट 1.45% है।