हरियाणा में फतेहाबाद के गांव भिरडाना में बेटी की बारात आने से एक दिन पहले ही पिता का कच्चा आशियाना ढह गया। बरसात के कारण जर्जर हो चुके कमरे की छत बुधवार सुबह करीब 3 बजे के बाद अचानक भरभरा कर नीचे आ गिरी। घटना के समय तीन लोग कमरे में सोए हुए थे, जिनमें से दो को गुम चोटें लगी हैं।
फिलहाल गांव में ही उनका इलाज करवा रहे हैं। साथ ही घर का सामान भी तहस-नहस हो गया। इस घटना के बाद विवाह वाले घर में मायूसी का माहौल है। हालांकि गनीमत रही कि ज्यादा नुकसान नहीं पहुंचा।
फतेहाबाद के गांव भिरडाना में छत गिरने की वजह से दो लोगों को चोटें आई है।
जानकारी के अनुसार, भिरडाना निवासी हरमीत सिंह दिहाड़ी मजदूरी करके अपना परिवार पाल रहा है। 6 अप्रैल को उसकी बेटी की शादी होनी है और घर में पूरी तैयारी की जा रही थी। रिश्तेदार भी घर आए हुए थे। विवाह की तैयारियां पूरी कर रात वह, उसका साढ़ू और एक अन्य रिश्तेदार कमरे में सो गए, करीब 3 बजे बाद अचानक कच्चे कमरे की सरकने से बनी छत नीचे आ गिरी। जिससे दो लोग घायल हो गए।
बारिश की वजह से हुई छत कंडम
परिवारजनों ने बताया कि कुछ दिनों से हो रही बरसात के कारण कमरे की छत कंडम हो गई थी, जो आज गिर गई। जिससे उन्हें काफी आर्थिक नुकसान हो गया है। उन्होंने बताया कि वे कई बार प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत मदद की गुहार लगा रहे हैं, लेकिन उनकी कोई भी सुनवाई नहीं कर रहा।