हरियाणा के सोनीपत में बाइक सवार बदमाशों ने पहले मोटरसाइकिल में 800 रुपए का पेट्रोल डलवाया। सेल्समैन को रुपए देने की बजाय पिस्तौल तान कर 3 हजार रुपए और लूट कर फरार हो गए। थाना बहालगढ़ पुलिस ने सेल्समैन की शिकायत पर दो बदमाशों के खिलाफ केस दर्ज किया है। पंप पर लगे सीसीटीवी से उनकी पहचान के प्रयास हो रहे हैं। दूसरी तरफ गोहाना शहर में आधे घंटे में बाइक सवार 3 बदमाशों ने लूट की 2 वारदातें अंजाम दी।
गांव टांडा (झुंडपुर) के विजय ने बताया कि वह एक डेढ़ महीने से गढ़मिरकपुर स्थित यमुना पेट्रोल पंप पर सेल्समैन का काम कर रहा है। गुरुवार को पौने 3 बजे के करीब एक मोटर साईकिल पर सवार 2 युवक पंप पर पहुंचे। उन्होंने अपने चेहरे पर मास्क लगाया हुआ था।
दोनों में से एक फोन पर बात करने लगा और दूसरे ने बाइक में 800 रुपए का पेट्रोल डलवाया। पेट्रोल डलवाने के बाद युवक ने अपनी बाइक आगे कर ली। उसने युवक से पैसे मांगे। इस बीच उसके साथी ने जेब से पिस्तौल निकालकर उस पर तान दी। 800 रुपए देने की बजाय वे उसकी जेब से 3000 रुपए और निकालकर फरार हो गए।
पेट्रोल पंप पर दूसरी मशीन पर वाहन में डीजल डाल रहे आविद से भी बदमाशों ने रुपए मांगे। पेट्रोल पंप पर उस दौरान आकीब, बंटी आदि भी थे। उनको देखकर बदमाश बाइक लेकर फरार हो गए। हथियारबंद होने के कारण वे उनको रोक नहीं पाए।
थाना बहालगढ़ के एसआई हरेंद्र सिंह ने बताया कि पुलिस ने सेल्समैन विजय की शिकायत पर दोनों अज्ञात बदमाशों के खिलाफ धारा 379B,34 IPC व 25-54-59 आर्म्स एक्ट के तहत केस दर्ज कर लिया है। पेट्रोल पंप पर लगे सीसीटीवी से बदमाशों की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं।
गोहाना में बाइक सवार 3 लुटेरों का आतंक
सोनीपत के गोहाना शहर में बाइक सवार 3 बदमाशों ने आधे घंटे के अंतराल में लूट की दो वारदातों को अंजाम देकर सनसनी फैला दी। पहली वारदात रात 10 बजे के करीब राम नगर में रहने वाले गोविंद के साथ हुई। वह घर के बाहर खड़ा मोबाइल फोन पर बात कर रहा था। इसी बीच HR-11P-4564 नम्बर की बाइक पर सवार तीन युवक आए और उसका मोबाइल फोन छीन ले गए।
दूसरी वारदात साढ़े 10 बजे के करीब गांव चिड़ाना के रोहताश के साथ हुई। वह इक्को गाड़ी से गोहाना बस स्टैंड पर सवारी छोड़ने आया था। वह गाड़ी चलाने लगा तो उसी दौरान 3 युवक अचानक से वहां आ गए। युवक उस पर हमला कर उसका पर्स छीन ले गए। पर्स में 1800 रुपए और कुछ डॉक्यूमेंट थे। ये तीनों लड़के HR-11P-4564 नम्बर की बाइक पर फरार हुए।
गोहाना पुलिस ने दोनों वारदातों को लेकर पीड़ितों की शिकायत पर केस दर्ज कर लिया है। पुलिस आसपास के क्षेत्र में लगे सीसीटीवी की मदद से युवकों का सुराग लगाने में जुटी है। बाइक नंबर की जानकारी भी जुटाई जा रही है। हालांकि कयास लगाए जा रहे हैं कि ये बाइक चोरी या छीनी हुई हो सकती है। ASI कुलदीप ने बताया कि पुलिस आगामी कार्रवाई में लगी है।