सलमान खान के बारे में एक बात प्रसिद्ध है कि वो बहुत सिंपल लाइफ जीना पसंद करते हैं। हाल ही में बॉलीवुड के कास्टिंग डायरेक्टर मुकेश छाबड़ा ने भी इस बात का समर्थन किया।
मुकेश का कहना है ये बात सच है कि सलमान 1 bhk फ्लैट में रहते हैं। सलमान के उस फ्लैट में एक रूम और एक सोफा है जिस पर बैठकर वो लोगों से बात करते हैं। इसके अलावा एक छोटा सा जिम है। मुकेश के मुताबिक, इतने बड़े स्टार होने के बावजूद सलमान को लग्जरी लाइफ जीना पसंद नहीं है।
‘भाई के पास जाना हो तो मूड चेक कर लेना चाहिए’
रणवीर अल्लाहबादिया के साथ बात करते हुए मुकेश छाबड़ा ने कहा, ‘सलमान खान ही वो इंसान हैं जो हमेशा दूसरों के लिए खड़े रहते हैं। वो एक साफ दिल के इंसान हैं, कभी -कभार लोग उनकी इस अच्छाई को गलत तरीके से ले लेते हैं। वो प्रेशर की वजह से कभी-कभी अलग मूड में होते हैं। अगर भाई के पास जाना हो तो आपको चेक करना पड़ेगा कि उनका मूड कैसा है।’
एक कमरे के घर में रहते हैं सलमान
मुकेश छाबड़ा ने सलमान के घर के बारे में बताया, ‘बहुत कम लोग जानते हैं कि वो (सलमान) 1BHK अपार्टमेंट में रहते हैं। उनके अपार्टमेंट में एक सोफा, एक डाइनिंग टेबल और एक छोटा एरिया है जहां वो लोगों से बात करते हैं। इसके अलावा एक जिम और एक कमरा है। आप सोचिए कि उनका नाम सलमान खान है वो और देश के सबसे बड़े स्टार हैं।
सलमान को महंगी चीजें पसंद नहीं
मुकेश छाबड़ा ने आगे कहा, ‘सलमान बेहद सिंपल जीवन जीने के लिए जाने जाते हैं। उन्हें ब्रांड वगैरह पसंद नहीं है, वो महंगी चीजें खरीदना भी पसंद नहीं करते। वो काफी सिंपल सी चीजें खाते हैं। ऐसा नहीं है कि वो ये सब दिखावे के लिए करते हैं। वो रियल में ही ऐसे हैं। मैं उनके साथ 15 साल से टच में हूं, मैंने कभी उन्हें बदलते नहीं देखा है।’
सलमान, शाहरुख की फिल्मों के लिए की है कास्टिंग
मुकेश छाबड़ा बॉलीवुड के फेमस कास्टिंग डायरेक्टर हैं। उन्होंने सलमान, शाहरुख सहित कई फेमस सेलिब्रिटीज के लिए कास्टिंग की है। सलमान खान की फिल्म बजरंगी भाईजान और ट्यूबलाइट के लिए उन्होंने कास्टिंग की है।
इसके अलावा सलमान की अपकमिंग फिल्म किसी का भाई किसी की जान के लिए भी मुकेश ने कास्टिंग की है। मुकेश छाबड़ा ने फिल्म दिल बेचारा से डायरेक्शन में डेब्यू किया था। ये सुशांत सिंह राजपूत की अंतिम फिल्म थी।
पनवेल में है सलमान का 150 एकड़ का फार्महाउस
सलमान भले ही 1 BHK के फ्लैट में रहते हों लेकिन उनके पनवेल वाले फॉर्महाउस की कीमत करोड़ो में है। सलमान अक्सर अपनी छुट्टियां और बर्थडे वहीं मनाते हैं। इस फार्महाउस का नाम सलमान ने अपनी बहन अर्पिता के नाम पर रखा है।
रिपोर्ट्स के माने तो ये फॉर्महाउस सलमान ने फिल्म मैंने प्यार किया के वक्त खरीदा था। फोटो साभार- इंडिया टुडे
150 एकड़ में फैले इस फार्महाउस में एक जिम और स्विमिंग पूल भी है। इसके साथ एक अस्तबल भी है जिसमें पांच घोड़े शामिल है। लॉकडाउन में सलमान को वहां खेती करते भी देखा गया था। सलमान को जब भी पार्टी करना होता है, वो अपने इसी फॉर्महाउस पर जाते हैं।