एनफोर्समेंट डायरेक्टरेट (ED) ने शुक्रवार (24 फरवरी) को पॉपुलर ज्वेलरी चेन जोयालुक्कास की 305.84 करोड़ रुपए की संपत्ति जब्त की है। जोयालुक्कास के पांच परिसरों पर छापे मारे जाने के कुछ दिनों बाद ED ने यह कार्रवाई की है। ED ने जोयालुक्कास पर फॉरेन एक्सचेंज मैनेजमेंट एक्ट के प्रावधानों का उल्लंघन करने का आरोप लगाया है।
यह मामला हवाला चैनलों के माध्यम से भारत से दुबई में स्थानांतरित की गई नकदी की एक बड़ी राशि से संबंधित है। बाद यह पैसा दुबई में जोयालुक्कास ज्वेलरी LLC में निवेश किया गया, जो कि जोयालुक्कास वर्गीज के 100% स्वामित्व वाली कंपनी है।
जोयालुक्कास ने 2,300 करोड़ रु का IPO वापस लिया
मंगलवार (21 फरवरी) को जोयालुक्कास ने अपने 2,300 करोड़ रुपए के इनिशियल पब्लिक ऑफरिंग (IPO) को वापस ले लिया था। कंपनी ने कहा था कि उसे अपने फाइनेंशियल रिजल्ट्स में पर्याप्त बदलाव करने के लिए और समय चाहिए।
कुर्क की गई संपत्तियों में 33 अचल संपत्तियां शामिल
कुर्क की गई संपत्तियों में 33 अचल संपत्तियां शामिल हैं, जिनकी कीमत 81.54 करोड़ रुपए है। जिसमें त्रिशूर में शोभा सिटी में जमीन और एक आवासीय भवन शामिल है। ED ने 91.22 लाख रुपए की वैल्यू के 3 बैंक अकाउंट्स, 5.58 करोड़ रुपए की वैल्यू के 3 फिक्स्ड डिपॉजिट्स और 217.81 करोड़ रुपए की वैल्यू के जोयालुक्कास के शेयर भी जब्त कर लिए हैं।
जोयालुक्कास के चीफ एग्जीक्यूटिव ऑफिसर बेबी जॉर्ज ने मंगलवार को रॉयटर्स को बताया था कि बाजार की स्थितियों के अधीन जल्द से जल्द अपने IPO डॉक्यूमेंट्स को री-फाइल करने का कंपनी का प्लान था।
जोयालुक्कास के लगभग 68 शहरों में शोरूम हैं
ज्वेलरी रिटेलर जोयालुक्कास मुख्य रूप से दक्षिणी भारत पर फोकस करता है। कंपनी ने बाजार की अस्थिरता और अत्यधिक उच्च मुद्रास्फीति के चलते अपने IPO प्लान को वापस लिया है। बता दें कि जोयालुक्कास के लगभग 68 शहरों में शोरूम हैं।