27 फरवरी, रविवार को बुध ग्रह मकर राशि से निकल कर कुंभ राशि में चला जाएगा। ये ग्रह 16 मार्च तक इसी राशि में रहेगाा। मकर की तरह कुंभ भी शनि की ही राशि है। इस राशि में बुध के होने से कई लोगों की आर्थिक स्थिति में बदलाव होने के योग बनेंगे। कुंभ राशि में सूर्य और शनि भी रहेंगे। इससे कुछ लोगों को लेन-देन और निवेश में नुकसान और विवाद होने के योग बनेंगे, वहीं कुछ लोगों के आर्थिक मामलों में रुकावटें आ सकती हैं।
बिजनेस और लेन-देन पर असर डालने वाला ग्रह
पुरी के ज्योतिषाचार्य डॉ. गणेश मिश्र ने बताया कि खरीदी-बिक्री, लेन-देन, निवेश, वाणी, अभिव्यक्ति, कैलकुलेशन और बुद्धि पर इस ग्रह का असर पड़ता है। बुध के राशि परिवर्तन से पत्रकार, वकालात, बिजनेस और शेयर मार्केट से जुड़े लोग ज्यादा प्रभावित होते हैं। ये ग्रह मिथुन और कन्या राशि का स्वामी होता है और आमतौर पर हर 18वें दिन राशि बदलता है।
कन्या और मकर सहित पांच राशियों के लिए शुभ
कुंभ राशि में बुध के आने से पांच राशियों के लिए अच्छा समय रहेगा। 16 मार्च तक मेष, वृष, कर्क, कन्या और मकर राशि वालों को फायदा हो सकता है। इन राशियों के लोगों को लेनदेन और निवेश में फायदा मिलेगा। शेयर बाजार से जुड़े इन राशियों के लोगों को धन लाभ हो सकता है। कागजी कामों में भी फायदा मिलने के योग बनेंगे। इन पांच राशियों के लोगों को नौकरी या बिजनेस में नए एग्रीमेंट भी हो सकते हैं।
12 राशियों पर कुछ ऐसा असर रहेगा… (पुरी के ज्योतिषाचार्य डॉ. गणेश मिश्र के मुताबिक)
मेष: रूके हुए काम पूरे होंगे। शुभ फलों के साथ उपलब्धियां मिलेगी, कार्य क्षेत्र में विस्तार होगा। विवादास्पद मामलों में पक्ष मजबूत होगा।
वृष: सोचे हुए काम पूरे करेंगे। रुका हुआ पैसा मिल सकता है। बुद्धिमानी से फायदे हासिल करेंगे। संकल्प मजबूत रहेगा और शुभ फल मिलेंगे।
मिथुन: नई आशा का संचार होगा। आत्मविश्वास बढ़ेगा, अवसर हासिल होंगे और अपना श्रेष्ठ प्रदर्शन कर पाएंगे।
कर्क: समय अच्छा रहेगा। निवेश में फायदा होने के योग हैं। बिजनेस बढ़ेगा। खोजबीन या शोध में सफलता मिलेगी। समझ विकसित होने के साथ कार्यक्षेत्र में प्रभाव बढ़ेगा।
सिंह: भरपूर परिश्रम करेंगे। स्वास्थ्य का ध्यान रखना होगा। नकारात्मकता छोड़नी पड़ेगी और विवादों से बचना होगा।
कन्या: साझेदारी और व्यापार में लाभ कमाएंगे। दाम्पत्य जीवन में दूरियां मिटेंगी। शुभ फलदायक यात्राएं होंगी।
तुला: उच्च शिक्षा और कार्यक्षेत्र में आगे बढ़ने के मौके मिलेंगे। प्रेम प्रसंग बनेंगे, रचनात्मकता रहेगी और शुभ समाचार मिलेंगे।
वृश्चिक: परिवार का साथ मिलेगा। लाभ के मौके मिलेंगे। सोचे हुए कामों को पूरा करेंगे। माता के स्वास्थ्य का विशेष ध्यान रखना होगा।
धनु: भरपूर ऊर्जा रहेगी। पराक्रम बढ़ेगा, कार्यस्थल पर वरिष्ठजनों द्वारा सम्मान और तारीफ मिलेगी।
मकर: आर्थिक लाभ मिलने के योग बनेंगे। व्यवसाय या कार्यक्षेत्र में अच्छा प्रदर्शन करेंगे। संपत्ति में विस्तार होना संभव हैं।
कुंभ: साहस और पराक्रम में वृद्धि होगी। परिवार में उन्नति होगी, रचनात्मकता और कौशल का विकास होगा। अपने स्वास्थ्य का ध्यान रखना होगा।
मीन: सुख सुविधाओं पर खर्चा बढ़ेगा। सोच समझकर ही जोखिम उठाना चाहिए।