भारतीय शेयर बाजार में आज यानी गुरुवार (23 फरवरी 23) को मामूली तेजी है। सेंसेक्स करीब 100 अंकों से ज्यादा बढ़कर 59,850 के करीब कारोबार कर रहा है। निफ्टी भी 30 अंकों से ज्यादा चढ़ा है। ये 17,590 के करीब ट्रेड कर रहा है। सेंसेक्स के 30 शेयरों में से 22 में गिरावट और 8 में तेजी है। टेक महिंद्रा, एचसीएल टेक और टाटा स्टील बढ़कर कारोबार कर रहे हैं। एशियन पेंट, इंडसइंड बैंक और HDFC बैंक में गिरावट है।
अडाणी ग्रुप के 10 में से 5 शेयरों में गिरावट
अडाणी ग्रुप के 10 शेयरों में से 5 में तेजी और 5 में गिरावट है। फ्लैगशिप कंपनी अडाणी एंटरप्राइजेज में 1% से ज्यादा की तेजी है। अडाणी पोर्ट भी करीब आधा फीसदी चढ़ा है। ग्रुप के सीमेंट स्टॉक ACC में करीब 0.30% तेजी और अंबुजा सीमेंट 1.90% चढ़ा है। अडाणी पावर, ट्रांसमिशन, ग्रीन एनर्जी, टोटल गैस के शेयर 5-5% टूटे हैं। विल्मर में करीब 0.20% की गिरावट है। NDTV भी 1.50% से ज्यादा नीचे है।
निवेशकों के एक दिन में 51,000 करोड़ डूबे
बुधवार को अडाणी ग्रुप के शेयरों में गिरावट के चलते उसका मार्केट कैप 51,000 करोड़ रुपए से ज्यादा कम होकर 7.5 लाख करोड़ रुपए पर आ गया है। उससे एक दिन पहले मंगलवार को, ग्रुप के 10 शेयरों का कंबाइन्ड मार्केट कैप 8,09,182 करोड़ रुपए था। वहीं 24 जनवरी को हिंडनबर्ग की रिपोर्ट सामने आने से पहले ग्रुप का एम कैप 19.19 लाख करोड़ था।
फोर्ब्स की रियल टाइम बिलेनियर्स लिस्ट के मुताबिक गौतम अडाणी की नेटवर्थ सिर्फ 43.4 बिलियन डॉलर रह गई है। अडाणी को बीते 24 घंटे में 6.2 बिलियन डॉलर का नुकसान हुआ है। वे दुनिया के अमीरों की लिस्ट में 26वें नंबर पर आ गए हैं।