भारत-श्रीलंका वनडे सीरीज का दूसरा मुकाबला आज कोलकाता के ईडन गार्डन्स मैदान पर दोपहर 1:30 बजे से खेला जाएगा। इस मुकाबले में टीम इंडिया के पास श्रीलंका के खिलाफ लगातार दसवीं वनडे सीरीज जीतने का मौका होगा। भारतीय टीम वनडे सीरीज में श्रीलंका से पिछले 26 साल से नहीं हारी है। उसे आखिरी हार 1997 में मिली थी।
इस मुकाबले में विराट कोहली के पास चार बड़े रिकॉर्ड बनाने का मौका है। वे 67 रन बनाते ही वनडे क्रिकेट में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाजों की लिस्ट में टॉप-5 में पहुंच जाएंगे। अभी विराट के नाम 266 वनडे की 257 पारियों में 12,584 रन है। वे इस समय छठे स्थान पर हैं। 448 मैचों की 418 पारियों में 12,650 रन के साथ श्रीलंका के महेला जयवर्धने पांचवें नंबर पर हैं।
विराट अगर इस मैच में शतक जमा देते हैं वे वनडे क्रिकेट में किसी एक टीम के खिलाफ सबसे ज्यादा शतक का वर्ल्ड रिकॉर्ड अपने नाम कर लेंगे। विराट इस मामले में अभी सचिन तेंदुलकर के साथ बराबरी पर हैं। विराट ने श्रीलंका और वेस्टइंडीज के खिलाफ 9-9 शतक जमाए हैं। वहीं, सचिन ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 9 शतक जमाए हैं।
इस मैच में शतक बनाते ही विराट वनडे क्रिकेट में शतकों की हैट्रिक भी जमा देंगे। उन्होंने पिछले दो वनडे में शतक जमाए हैं। एक बांग्लादेश के खिलाफ और एक श्रीलंका के खिलाफ।
विराट श्रीलंका के खिलाफ सबसे ज्यादा रन बनाने वाले भारतीय बल्लेबाजों की लिस्ट में नंबर-2 पर पहुंच सकते हैं। इसके लिए उन्हें 51 रन की जरूरत है। फिलहाल सचिन नंबर-1 और महेंद्र सिंह धोनी नंबर-2 पर हैं। (देखिए अगला ग्राफिक्स)
ईडन गार्डन्स के रिकॉर्ड भारत के पक्ष में हैं
ईडन गार्डन्स की बात करें तो इस मैदान पर भारतीय टीम पिछले 5 साल से नहीं हारी है। उसे पिछली हार 2017 में इंग्लैंड के खिलाफ मिली थी। भारत ने इस मैदान पर 21 वनडे खेले हैं। इनमें से उसे 12 में जीत मिली है। 8 में उसे हार मिली है। एक नो रिजल्ट रहा है।इस मैदान पर भारत-श्रीलंका के बीच अब तक 5 वनडे खेले गए हैं। इनमें भारत ने 3, श्रीलंका ने 1 जीता है। जबकि एक बेनतीजा रहा है।
पिच रिपोर्ट : बैटिंग करना पसंद करेंगी टॉस जीतने वाली टीमें
टॉस जीतने वाली टीम पहले बैटिंग करने का फैसला कर सकती है, क्योंकि 32 में से 19 मैच पहले बैटिंग करने वाली टीम ने जीते हैं। जबकि 12 मैच पहले गेंदबाजी करने वाली टीम ने जीते हैं।
ईडन गार्डन्स की पिच बैटिंग फ्रेंडली मानी जाती है। इसमें स्पिनर्स को भी मदद मिलती है। ऐसे में यहां स्पिनर्स का जलवा देखने को मिल सकता है।
वेदर कंडीशन : बारिश के आसार नहीं
गुरुवार को कोलकाता का मौसम साफ रहेगा। वेदर रिपोर्ट के अनुसार, तापमान 14 से 27 डिग्री सेल्सियस के बीच रहेगा। बारिश के आसार न के बराबर हैं।
अब देखिए दोनों टीमों की पॉसिबल प्लेइंग-11
भारतः रोहित शर्मा (कप्तान), शुभमन गिल, विराट कोहली, श्रेयस अय्यर, केएल राहुल, हार्दिक पंड्या, अक्षर पटेल, मोहम्मद शमी, उमरान मलिक, मोहम्मद सिराज और युजवेंद्र चहल।
श्रीलंकाः पथुम निसंका, कुसल मेंडिस, अविष्का फर्नांडो, धनंजय डिसिल्वा, चरिथ असलंका, दसुन शनाका (कप्तान), वनिंदु हसारंगा, चमिका करुणारत्ने, दुनिथ वेलागे, कसुन रजिता, दिलशान मदुशंका।